भास्कर संवाददाता | मंदसौर/दलौदा
जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर दलौदा ग्राम पंचायत में वाटर एटीएम, ठोस अपशिष्ट एवं कचरा प्रबंधन, वाटर लेवल बढ़ाने व जमीन में पानी पहुंचाने को सोख्ता गड्ढे तैयार करने समेत अन्य विकास के कार्य देखने शुक्रवार को उज्जैन से दल आया। इस दौरान पंचायत की आमदनी के स्थायी स्रोत डेवलप किए जाने की प्रक्रिया को भी समझा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उज्जैन के 7 सदस्यीय दल ने एक्सपोजर विजिट की। सदस्यों ने बताया संभागीय मुख्यालय की 600 पंचायतों में इस प्लान पर अमल करने को यह विजिट हुई है।
निरीक्षण
दलौदा सरपंच ने दी प्रोजेक्ट की जानकारी, दल सदस्यों ने बताया संभाग मुख्यालय की 600 पंचायतों में भी लागू किया जाएगा
जलस्तर बढ़ाने के लिए यहां रोड से पहले बनाए गए सोख्ता गड्ढों की भी जानकारी ली
दलौदा में सरपंच विपिन जैन के 3 साल के कार्यकाल के दाैरान यह नवाचार हुए। शुक्रवार को उज्जैन ग्रामीण विकास विभाग एवं जिला पंचायत के 7 सदस्यीय टीम ने दलौदा ग्राम पंचायत का भ्रमण किया। यहां विकास कार्यों को देखा। शुरू में ठोस अपशिष्ठ एवं कचरा प्रबंधन केंद्र को देखा और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पंचायत क्षेत्र में बन रहे सीसी रोड के कार्य भी देखे, जलस्तर बढ़ाने के लिए यहां रोड से पहले सोख्ता गड्ढे बनाए हैं। सदस्यों ने पंचायत के मध्य लग रहे वाटर एटीएम को देखकर उज्जैन क्षेत्र में भी स्थापित करने का निर्णय लिया, वाटर प्लांट को देखा। गांव के ड्रेनेज सिस्टम की जानकारी ली। सरपंच जैन व सचिव विनोद सोनी ने समस्त कार्यों से अवगत कराया।
कचरा प्रबंधन प्लांट पर उज्जैन के दल को जानकारी देते सरपंच विपिन जैन।
इन कार्यांे का अनुसरण करेंगे
उज्जैन के दल में समन्वयक जिला पंचायत उज्जैन डॉ. कविता उपाध्याय, ब्लाॅक समन्वयक खाचरौद श्रद्धा किरनापुर, हेमेंद्रसिंह राठौर महिदपुर, प्रशांत दवे बड़नगर, अनिल चावड़ उज्जैन, सोनाव पंडित तराना, प्रीतमसिंह नेवाड़ा घटिया भी साथ थे। डॉ. कविता ने बताया कि दलौदा पंचायत ने अच्छे विकास कार्य किए हैं। हमने देखा है अध्ययन किया है। उज्जैन जिले की 600 ग्राम पंचायत में इन कार्यों को लेकर अनुसरण किया जाएगा। इसी मकसद से यहां आना हुआ।