अब 20 से शुरू हो सकती है स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया
उच्च शिक्षा विभाग के अधीन संचालित शासकीय, अनुदान प्राप्त और गैर-अनुदान प्राप्त कॉलेजों में पहले वर्ष स्नातक, प्रथम सेमेस्टर स्नातकोत्तर सत्र 2018-19 में प्रवेश प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होने के आसार हैं। इसको लेकर उच्च शिक्षा विभाग की तैयारी अब अंतिम चरण में है। ई-प्रवेश 2018-19 में पिछले साल की तुलना में विभिन्न परिवर्तन किए हैं। इस बार दिव्यांगों के लिए 5 प्रतिशत सीट आरक्षित की है। पिछले साल तक सिर्फ 3 प्रतिशत सीटें आरक्षित थीं लेकिन इस बार 2 फीसदी की बढ़ोतरी की गई। स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में अधिकतम आयु सीमा का बंधन खत्म कर दिया है। हर साल जिले में प्रथम वर्ष में औसत 6500 एडमिशन हुआ करते थे। इस बार आयु बंधन खत्म होने से जिले में 9000 एडमिशन होने के आसार हैं।
हर काॅलेज में प्रथम वर्ष में प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए जुलाई के प्रथम सप्ताह में व्याख्यान होंगे। डिजिटल इंडिया प्रोग्राम में ऑनलाइन प्रवेश शुल्क भुगतान की व्यवस्था की जा रही है। पंजीकृत असंगठित कर्मकार की संतानों को नियमित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने पर शैक्षणिक शुल्क से छूट दी जाएगी। सभी वर्गों की छात्राओं को केवल प्रथम चरण में नि:शुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है। यदि कोई छात्रा प्रथम से अन्य चरण में रजिस्ट्रेशन कराती है तो निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल का 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित हो चुका है, अब उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पृथक से जारी समय-सारणी के अनुसार प्रवेश शुरू होंगे। 20 तक प्रवेश प्रारंभ होने की संभावना बन रही है। ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया www.epravesh.nic.in पोर्टल के माध्यम से होंगी। ई-प्रवेश पोर्टल पर इच्छुक आवेदक अपना पंजीयन करवा सकेंगे। इस पोर्टल पर पंजीकृत आवेदकों के ही प्रवेश पर विचार किया जाएगा।
जिन्हें प्रवेश नहीं मिला, उन्हें अगले चरण में मौका
आवेदकों को एसएमएस से प्रवेश जानकारी दी जाएगी। ऐसे पंजीकृत आवेदक जिन्होंने आवंटन के बाद प्रवेश नहीं लिया है या जिन्हें आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है, उनके लिए दोबारा आगामी चरण के लिए ऑनलाइन कॉलेज, विषय व पाठ्यक्रम के चयन का विकल्प देना अनिवार्य है।