गैंगमैन के शव मामले में समाजजन ने सहायक इंजीनियर का किया घेराव, 5 लाख रुपए मांगे
नपा सहायक इंजीनियर के घर में मिली नपाकर्मी की लाश के मामले में मंगलवार को समाजजन व परिजन ने नपा कार्यालय पहुंच सहायक इंजीनियर का घेराव किया। परिवार की सहायता के लिए पांच लाख तक देने व बालिका की शादी कराने की मांग की। नपा कर्मचारी समझाने का प्रयास करते रहे। सहायक इंजीनियर ने परिवार की हरसंभव मदद का आश्वासन देकर मामला शांत किया। पुलिस प्रथमदृष्टया प्राकृतिक मौत बता रही है। हालांकि अब तक पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है। नपा सहायक इंजीनियर के घर में सोमवार को नपाकर्मी नरसिंह चौहान निवासी अयोध्या बस्ती मृत अवस्था में मिला था। मंगलवार को कहार समाज अध्यक्ष मनोहर चौहान समाजजन के साथ नपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सहायक यंत्री जी.एल. गुप्ता का घेराव किया। नृसिंह के परिवार के लिए पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता व बालिका के विवाह की जिम्मेदारी लेने की बात कही। गुप्ता ने समझाया कि पहले आप शव का अंतिम संस्कार कर लें, यह बातें तो बाद में भी हो सकती हैं। समाजजन मांगों पर अड़े रहे। मामला बढ़ता देख नपा के स्वास्थ्य अधिकारी केजी उपाध्याय ने दोनों पक्ष को समझाने का प्रयास किया। समाजजन लिखित में पांच लाख रुपए देने व अन्य मांगें पूरी करने का पत्र मांगने लगे। बाद में गुप्ता ने नृसिंह के परिवार की हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। नपा कर्मचारियों की समझाइश पर समाजजन माने।
सिटी कोतवाली टीआई विनोदसिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया नपाकर्मी की मौत प्राकृतिक दिख रही है। फिलहाल पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है। अब तक की जानकारी और मौके पर मिली स्थिति के अनुसार यह बात स्पष्ट है।
गुप्ता घर लौटे तो नरसिंह का शव मिला
नपा सहायक इंजीनियर गुप्ता बेटे की शादी में 25 मई से इंदौर गए थे। उन्होंने नपा कॉलोनी स्थित निवास की देखरेख की जिम्मेदारी नपाकर्मी नरसिंह चौहान को सौंपी थी। 12 मई की रात नरसिंह इंजीनियर के घर सोने गया। घर नहीं लौटा। सोमवार को गुप्ता लौटे तो नरसिंह का शव मिला। पुलिस जांच कर रही है।