भाजपा नेता के परिजन ने अभिनंदननगर में बगीचे की जमीन पर बनाया मकान
एक भाजपा नेता के परिजन द्वारा अभिनंदननगर में बगीचे की जमीन पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। सिद्धेश्वर मंदिर के पास नक्शे में बगीचे की जमीन दर्ज है लेकिन मौके पर मकान बना है। इसमें भाजपा नेताओं की मिलीभगत के आरोप लग रहे हैं। नपाध्यक्ष ने भूखंड की वैधानिकता की जांच के लिए न्यायालय जाने की बात कही है।
अभिनंदननगर में सिद्धेश्वर मंदिर के पास दूसरी गली में विगत दिनों एक मकान बनकर तैयार हुआ। यह जमीन शासकीय रिकाॅर्ड व नगर निवेश के नक्शे में बगीचे की भूमि दर्शाई गई है। इस पर बना मकान पूर्व भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार की बहन पुखराजबाई का बताया जा रहा है। कांग्रेस पार्षद विजय गुर्जर का आरोप लगाए है कि अधिकारियों व कर्मचारियों को मामले की जानकारी होने के बाद भी नपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री व विधायक के कहने पर मकान का निर्माण किया गया। गुर्जर ने अनुसार भाजपा नेता व जनप्रतिनिधि पद का उपयोग केवल शासकीय जमीनों को हथियाने और कॉलोनियों के बगीचों पर अवैध मकानों का निर्माण कराने के लिए कर रहे हैं। गुर्जर ने मुख्यमंत्री जनशिकायत निवारण विभाग भोपाल व मंदसौर कलेक्टर को शिकायत कर जांच करने व जल्द अवैध निर्माण हटाने की मांग की।
पंचायत के समय से खत्म हो रहा बगीचा
करीब बीस साल पहले अभिनंदननगर ग्राम पंचायत की सीमा में तैयार बनी थी। कॉलोनाइजर ने शुरू में यहां बगीचे के लिए 100 बाय 150 मीटर करीब जमीन खुली छोड़ी। बाद में पंचायत के समय से ही कॉलोनाइजर ने बगीचों की जमीन पर भी प्लाॅट काट रजिस्ट्रियां करा दीं। बगीचे पर सालों से तीन मकान बने हैं। इसके बाद कॉलोनी नपा के हैंडओवर हुई तब बाकी बची जमीन को ओपन स्पेस बताकर शासकीय दर्ज कराया लेकिन अब इस पर भी भाजपा नेता के परिजन ने मकान बना लिया।
वहां बगीचा नहीं है, अवैध कब्जे के आरोप गलत
2008 में प्लाॅट की रजिस्ट्री बहन पुखराजबाई के नाम पर कराई थी। अवैध कब्जे के आरोप गलत हैं। नपाध्यक्ष को पूरी जानकारी है। कोई गलत काम नहीं किया। जमीन बगीचे की नहीं है। बंशीलाल पाटीदार, पूर्व भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष।
जानकारी सामने आई है। बंशीलाल पाटीदार जमीन को अपना प्लाॅट बता रहे हैं। इसे न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। प्रहलाद बंधवार, नपाध्यक्ष।