चौथी उत्कृष्ट सड़क का डब्ल्यूबीएम हुआ, वर्षा के पहले होगा डामरीकरण, मिलेगी गड्ढों से राहत
शहर में चौथी उत्कृष्ट सड़क की सौगात जल्द मिलने जा रही है। यशनगर की पुलिया के यहां से बायपास तरफ करीब 1450 मीटर की उत्कृष्ट सड़क के लिए ठेकेदार द्वारा डब्ल्यूबीएम का काम पूरा कर लिया है। यशनगर के पास पुलिया बन गई है। नपा इंजीनियर बरसात से पहले रोड का काम खत्म करने की बात कह रहे है। रोड बनने से यशनगर, नवीन कलेक्टोरेट भवन एवं बायपास की तरफ आना जाना सुगम होगा।
यशनगर से नवीन कलेक्टोरेट भवन होते हुए बायपास को जोड़ने वाली रोड को उत्कृष्ट सड़क बनाने का काम तेजी से चल रहा है। गुप्ता इंटरप्राइजेस को 4 करोड़ में ठेका दिया है। फरवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू किए काम में ठेकेदार ने यशनगर के यहां नाले पर पुलिया निर्माण का काम पूरा कर लिया है। हालांकि इसे अभी यातायात के लिए शुरू नहीं किया है। इंजीनियर के अनुसार पुलिया सेट होने में 15 से 20 दिन का समय लगेगा। इसके बाद आवागमन शुरू होगा।
ऐसे बनेगी उत्कृष्ट सड़क
उत्कृष्ट सड़क में यशनगर की पुलिया से बायपास की तरफ 1450 मीटर फोरलेन मार्ग बनेगा। दोनों तरफ करीब 9-9 मीटर चौड़ी रोड बनाई जाएगी। बीच में साढ़े तीन फीट चौड़ा डिवाइडर बनाया जाएगा। रोड के दोनों तरफ पांच फीट के फुटपाथ बनाकर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। ठेकेदार को यह काम अक्टूबर 2018 तक करना है।
यातायात होगा सुगम
यशनगर से बायपास तक उत्कृष्ट सड़क बनने से यश नगर व आसपास के लोगों को फायदा होगा। अभी यहां कलेक्टोरेट व बायपास पर आरटीओ भवन तैयार हो रहे हैं। भविष्य में कोर्ट भी यहीं है। इससे मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ जाएगा। यशनगर के यहां पुलिया चौड़ी होने से दुर्घटना नहीं होगी। उत्कृष्ट सड़क बनने पर यातायात भी सुगम होगा।