हर परिवार को मिलेगा 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा
15 अगस्त 2018 से आयुष्मान भारत योजना शुरू होने जा रही है। इसमें जिले के हर परिवार को पांच लाख रुपए प्रतिवर्ष का सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत बीमा होने पर चिह्नित अस्पतालों में चिह्नित बीमारियों का इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। इसके क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। योजना में 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार देगी। हितग्राहियों का निर्धारण 2011 की जनगणना से होगा। इसके लिए सामाजिक, आर्थिक, जातीय आधार की श्रेणियां होंगी। सर्वे की प्रक्रिया एक से सात मई चलेगी। 15 मई तक वेरीफिकेशन होगा। इस कार्य को आशा कार्यकर्ता करेंगी। जरूरत होने पर एएनएम, एनपीएस व एमपीडब्ल्यू से सहयोग लिया जा सकेगा। सत्यापन कार्य ग्राम पंचायत सचिव द्वारा किया जाएगा। ऑनलाइन पंजीयन रोजगार सहायक के अलावा आउटसोर्स से भी कराया जा सकेगा। प्रारंभिक प्रक्रिया में आशा कार्यकर्ता को फाॅर्म डाउनलोड करना होंगे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-212-4684 पर सबमिट करना होगा। इसके बाद एक्टिवेट कोड भी प्रिंटआउट पर आ जाएगा। सीएमएचओ डॉ. महेश मालवीय ने बताया योजना के क्रियान्वयन को लेकर विभागस्तर पर जरूरी तैयारियां की जा रही है।
30 को मनाएंगे आयुष्मान भारत दिवस - ग्राम पंचायत स्तर पर 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस मनाया जाएगा। इसमें परिवारों की सूची का वाचन किया जाएगा।