वृद्ध की मौत, परिजन ने नर्स पर लगाया लापरवाही का आरोप
जिला अस्पताल में भर्ती वृद्ध की मंगलवार शाम मौत होने के बाद परिजन ने नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनके अनुसार वृद्ध की तबीयत खराब होने के बाद भी नर्स समय पर नहीं आई। नर्स के पहुंचने पर परिजन ने ताली बजाकर प्रदर्शन किया। सूचना के बाद सिटी कोतवाली टीआई मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी तब मामला शांत हुआ। इधर, नर्स परिजन के आरोप को निराधार बताते हुए जिम्मेदारी से मरीज का ध्यान रखने और स्वास्थ्य बिगड़ने की सूचना डॉक्टर को देने की बात कह रही है।
सोमवार शाम को सांस संबंधित परेशानी होने पर कोलवी निवासी लक्ष्मणसिंह ठाकुर (70) को परिजन ने जिला अस्पताल में भर्ती किया। मंगलवार शाम को अचानक लक्ष्मणसिंह की सांसें तेज चलने लगीं। परिजन नर्स को बुलाने स्टाफ रूम पहुंचे लेकिन यहां नर्स मोबाइल पर व्यस्त रहीं और मरीज को देखने नहीं पहुंची। इस दौरान लक्ष्मणसिंह की मौत हो गई। कुछ देर बाद नर्स प्रवीना दिया पहुंची। इस पर परिजन ने विरोध में तालियां बजाईं। नर्स के अनुसार वृद्ध की तबीयत खराब होने पर उन्होंने डॉक्टर को सूचित किया था। लेकिन उनके आने से पहले ही वृद्ध की मौत हो गई। लापरवाही जैसी कोई बात नहीं है। वृद्ध की मौत की सूचना पर प्रताप सेना जिलाध्यक्ष योगेंद्रसिंह चुंडावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। अस्पताल में हंगामे की सूचना पर सिटी कोतवाली टीआई विनोदसिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। टीआई ने बताया मामले में जांच की जा रही है। नर्स के दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।