सुरभि का किया बहुमान, दीक्षा आज, तपस्वियों का पारणा भी होगा
आपके मन में वैराग्य की भावना कहां से आई? जवाब में सुरभि ने कहा -मन को ऐसा लगा कि मुझे यही करना है। एक सवाल और उसका सटीक जवाब। यह दृश्य मंगलवार दोपहर को अंबा पैलेस में मुमुक्षु सुरभि का सम्मान समारोह में हुआ। अतिथियों में राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक यशपालसिंह सिसौदिया, नपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार, साधुमार्गी जैन संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश पोरवाल समेत समाजजन मौजूद रहे।
सुरभि के पिता निर्मलकुमार संघवी, माताजी संगीतादेवी, भाई सौरभ संघवी व अन्य परिजन भी मौजूद थे। मुमुक्षु सुरभि को मंच पर पुकारा गया। यहां उन्होंने रामलाल आचार्यश्री को चलते-फिरते आगज बताया, उन्हाेंने आचार्यश्री के लिए कहा वे सिद्धांत से हटकर कोई काम नहीं करते। यही विचार पसंद आए। इससे पहले जनप्रतिनिधियों ने संबोधन में दीक्षा को कठोर तपस्या बताया और कहा यह तपस्या हर किसी के लिए संभव नहीं। बुधवार सुबह 6.05 मिनट के बाद कालाखेत खेल मैदान पर स्थानक जैन संप्रदाय द्वारा आयोजित समारोह में मुमुक्षु सुरभि संघवी की दीक्षा होगी। आचार्य रामलालजी दीक्षा ग्रहण कराएंगे। इस अवसर पर 100 वर्षीतप के तपस्वियों का पारणा भी होगा। प्रदेशभर से आए समाजजन इस पल के साक्षी बनेंगे।
महोत्सव
कालाखेत मैदान में आचार्य रामलालजी दीक्षा ग्रहण कराएंगे, प्रदेशभर से आए समाजजन बनेंगे साक्षी, स्थानक जैन संप्रदाय करेगा समारोह
15 संगठनों ने सुरभि का सम्मान किया
समारोह में मुमुक्षु सुरभि का 15 संगठनों ने सम्मान किया। कार्यक्रम करीब 2 घंटे तक चला। इस दौरान सकल जैन समाज, करजू श्रीसंघ, पिपलिया श्रीसंघ, महावीर इंटरनेशनल, बड़े साथ ओसवाल महिला मंडल, मूर्तिपूजक महिला संघ, राजेंद्र जैन महिला परिषद, जैन सोशल ग्रुप ग्रेटर, सकल जैन समाज युवा प्रकोष्ठ जैसे 15 संगठनों ने सम्मान किया। इससे पहले गणेश वाटिका में हुए कार्यक्रम में नगर के 18 महिला मंडलों ने उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजन का संचालन करते हुए विकास चौधरी ने बताया तप और संयम महोत्सव के तहत चौबीसी प्रतियोगिता भी कराई गई थी।