नाेटिस के बाद भी राशि जमा नहीं कराई, युवराज क्लब का काम ठप
युवराज क्लब विकास समिति द्वारा बिना अनुमति क्लब में निर्माण कराने के मामले में 20 दिन पहले नपा ने 5.44 लाख रुपए जमा कराने का नोटिस दिया था। इसके साथ आगे के निर्माण की अनुमति के लिए 1.14 लाख रुपए जमा कराने का कहा था। समिति ने अब तक राशि जमा नहीं कराई जिससे निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। खेल सुविधा बंद होने पर खेलप्रेमियों में भी नाराजगी बढ़ने लगी है। इधर, सालों से कालाखेत मिनी स्टेडियम का काम भी आज तक अधूरा है।
युवराज क्लब के विकास को लेकर तत्कालीन कलेक्टर स्वतंत्रकुमार सिंह की अध्यक्षता में समिति ने नपा से अनुमति लिए बिना विकास कार्य शुरू किया। प्रथम चरण में बाहर बनी दुकानों को तोड़कर नई दुकानें बना दीं व उसके ऊपर भी नई दुकानों का निर्माण भी करा दिया। बिना अनुमति निर्माण की जानकारी सामने आई तो परिषद में जमकर विरोध हुआ। नपा ने करीब 20 दिन पहले अभी तक हो चुके निर्माण के लिए 5.44 लाख रुपए जुर्माना एवं दूसरे चरण में किए जाने वाले कार्य के लिए 1.14 लाख जमा कराने का नोटिस जारी किया। समिति अध्यक्ष कलेक्टर ओपी श्रीवास्तव द्वारा अब तक यह राशि जमा नहीं कराई गई। इससे दूसरे चरण में दुकानों के पीछे रेस्टोरेंट, रिटायरिंग रूम, जिम, खिलाड़ियों के ठहरने के लिए 12 कमरे, बैडमिंटन हॉल की मरम्मत, कैरम, शतरंज जैसे कई इंडोर गेम की सुविधा के लिए निर्माण शुरू नहीं हो रहे हैं। पहले जो बैडमिंटन हॉल शुरू था वह भी बंद है। इससे खेलप्रेमियों में नाराजगी बढ़ने लगी है। रोज बैडमिंटन खेलने वाले सुरेश सोमानी ने बताया कि दूसरे चरण का काम बंद होने से यहां खिलाड़ियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा। निजी समिति होती तो यह कम कब से पूरा हो जाता लेकिन शासन ने समिति अध्यक्ष प्रशासनिक अधिकारी को बना दिया जिससे वे रुचि नहीं ले रहे हैं।