- Hindi News
- National
- गुर्जर के 31, कुमावत समाज के 6 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, 5 बाल विवाह राेके
गुर्जर के 31, कुमावत समाज के 6 जोड़े परिणय-सूत्र में बंधे, 5 बाल विवाह राेके
अक्षय तृतीया पर बुधवार को अंचलभर में विभिन्न समाजों के सामूहिक विवाह समारोह हुए। इस दौरान कुमावत समाज, गुर्जर समाज आदि अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन कराए गए। इधर, बाल विवाह को लेकर बाल संरक्षण विभाग के अधिकारी सुबह से अलर्ट रहे। दिनभर में 5 बाल विवाह रुकवाए गए।
ग्राम पिपलियापंथ में गुर्जर समाज ने सामूहिक विवाह सम्मेलन कराया। इसमें 31 जोड़े परिणय-सूत्र में बंधे। अतिथियों में प्रदेश भाजपा महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर, समाज अध्यक्ष मोहनसिंह चौहान, लक्ष्मीनारायण कराड़ा, बालूराम कराड़ा भी मौजूद थे। अतिथियों ने कहा खर्चीली शादियों से बचने के लिए सामूहिक विवाह ही एकमात्र विकल्प है। समाज की प्रतिभाओं का सम्मान हुआ। नृसिंहपुरा में कुमावत समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 6 जोड़ों का विवाह हुआ। नपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार, सभापति विनोद डगवार, विक्रम भैरवा ने कार्यक्रम में नवदंपतियों को उपहार भेंट किए। इस दौरान समाज के मांगीलाल कुमावत, भेरूलाल अन्यावड़ा भी मौजूद रहे।
बाल विवाह रुकवाकर परिजन को समझाइश देते अधिकारी व सदस्य।
समझाइश पर परिजन ने लिखित में दिया वचन
बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने बताया जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय को तीन बाल विवाह की शिकायतें प्राप्त हुईं। जांच में 5 बाल विवाह पाए गए। इन्हें रोकने की कार्रवाई प्रशासन द्वारा की गई। शहर के नृसिंहपुरा में कुमावत समाज के सम्मेलन में शिकायत पर 2 बाल विवाह रुकवाए। समझाइश पर परिजन ने लिखित में वचन दिया कि वह उम्र पूरी होने तक विवाह नहीं करेंगे। इसी तरह सीतामऊ के लारनी में बंजारा समाज के एक परिवार में दो पुत्रियों के बाल विवाह रुकवाए। टीम ने जांच की तो परिजन ने बाल विवाह ना कराने का वचन-पत्र दिया। इसी तरह मिर्जापुरा में एक बाल विवाह रुकवाया गया। टीम में सेक्टर पर्यवेक्षक उर्मिला पांडेय, चाइल्ड लाइन समन्वयक हरीश परमार भी मौजूद रहे। शर्मा ने बताया जिलेभर में बुधवार को विभिन्न आयोजनों में करीब 500 विवाह हुए। जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी रवींद्र महाजन ने बताया लोगों में पहले की तुलना में अब जागरूकता आने लगी है।
इधर, आखातीज पर उर्स की परंपरा का किया निर्वाह
जिले के अफजलपुर में मीरा दातार की दरगाह पर हिंदू तिथि अाखातीज पर उर्स की परंपरा का निर्वाह हुआ। मेला लगा। हिंदू मुस्लिम कौमी एकता आयोजन के तहत कव्वाली प्रोग्राम हुआ। लंगर भी किया गया।
नृसिंहपुरा में कुमावत समाज के समाराेह में उपहार सामग्री देते नपाध्यक्ष।