पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सरपंच सचिव की मिलीभगत से शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में शासकीय जमीन पर किया जा रहा कब्जा

सरपंच-सचिव की मिलीभगत से शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्र में शासकीय जमीन पर किया जा रहा कब्जा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच-सचिव की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर शासकीय व चरनोई भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। जग्गाखेड़ी में तो हालात यह हैं कि 7 बीघा चरनोई भूमि में से 3 बीघा पर कब्जा कर 5 बड़ी दुकानें तक बन गई हैं। इतना ही नहीं एक दुकान पर तो शासकीय शराब की दुकान भी किराये पर संचालित है। हाल ही में प्रशासन ने सभी स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र के पटवारी प्रवीण व्यास की रिपोर्ट पर तहसीलदार ब्रह्मस्वरूप श्रीवास्तव ने मकान मालिक को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए हैं।

राजस्व अधिकारियों के अनुसार शहरी क्षेत्र से लगे गांवों में अतिक्रमण तेजी से जारी है। हाल ही में दाऊदखेड़ी में आबादी घोषित नहीं होने पर भी सरपंच-सचिव ने पट्टे जारी कर दिए। इस पर निर्माण शुरू हुआ तो नोटिस देकर रुकवाया। एेसी स्थिति भुनियाखेड़ी, खिलचीपुरा, जग्गाखेड़ी, गुजरदा में भी हैं। हालात यह हैं कि सरपंच कहीं भी प्लाॅट दे देते हैं और रातोरात वहां निर्माण हो जाता है।

शासकीय जमीन पर निर्माणाधीन मकान।

किसी भी क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले रखें इन बातों का ख्याल, देखें रिकॉर्ड

किसी भी क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले खरीदारों से वैध अनुमति देखना चाहिए। इसमें नपा से अनुमति, डायवर्सन राजस्व रिकाॅर्ड में नाम, टीएनसीपी से अनुमति देखने के बाद ही जमीन खरीदना चाहिए। नहीं तो वे खरीदी हुई जमीन पर भी निर्माण नहीं कर सकेंगे। यदि कर भी देते हैं तो शासन उसे तोड़ने की कार्रवाई कर सकता है।

पूर्व सरपंच ने किया है सब

जग्गाखेड़ी में सरपंच शांतिबाई टिटोलिया हैं। उनके बेटे समरथ ने बताया शासकीय व चरनोई भूमि के सौदे पूर्व सरपंच व वर्तमान उपसरपंच मोहनलाल गुर्जर के कार्यकाल में हुए थे। मामले से हमारा कोई लेना- देना नहीं है। उपसरपंच गुर्जर का कहना है कि आरोप निराधार हैं। मैंने आबादी छोड़कर किसी को भी पट्‌टे जारी नहीं किए। यदि किसी को लगता है कि ऐसा हुआ है तो वह जांच करा ले। उसमें दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

अतिक्रमण के मामले में नोटिस व स्टे जारी किया है

चरनोई की भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास पर नोटिस दिया और स्टे जारी किया है। पटवारी रिपोर्ट के आधार पर काम रुकवाया है। सभी जगह सुनवाई के बाद धारा 248 के तहत अतिक्रमण हटाया जाएगा। ब्रह्मस्वरूप श्रीवास्तव तहसीलदार, मंदसौर

खबरें और भी हैं...