पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कांग्रेस के पास है सीएम के भ्रष्टाचार के प्रमाण, उन्हें जेल जाना होगा

कांग्रेस के पास है सीएम के भ्रष्टाचार के प्रमाण, उन्हें जेल जाना होगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | पिपलियामंडी

प्रदेश में कांग्रेस विधानसभा की 150 सीटों से अधिक पर चुनाव जीतेगी। कांग्रेस के पास शिवराज व उनके परिवार के भ्रष्टाचार के दस्तावेजी प्रमाण हैं। हमारी सरकार बनते ही शिवराजसिंह को जेल जाने से कोई नहीं रोक सकता। यह बात प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा ने विशेष चर्चा में कही। वे मनासा प्रवास के दौरान पिपलिया रुके थे। उन्होंने कहा कि मप्र में शिवराज सरकार के खिलाफ आक्रोश है।

पूरी सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा कि मंदसौर जिले में सरकार के इशारे पर पुलिस ने छह किसानों को गोलियों से भून दिया। 6 जून को किसानों के खिलाफ सरकार द्वारा फैलाई गई अराजकता की बरसी है। इस दिन एक बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें भाजपा को छोड़कर अन्य सभी दलों को आमंत्रित कर दिवंगत किसानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ हर जनविरोधी मुद्दे को लेकर सरकार व सदन पर घेरा है, चूंकि विपक्ष की आवाज को सरकार ने न केवल दबाया बल्कि सरकार के नियंत्रण में चलने वाले जनसंपर्क विभाग ने मीडिया की आजादी को विज्ञापन के प्रभावों में रोकने का प्रयास किया है। लिहाजा हकीकत आम जनता तक नहीं पहुंच पाई। कांग्रेस ने सोशल मीडिया को सरकार के खिलाफ राजनीतिक हमलों का आधार बनाया है और उसमें हम सफल भी हो रहे हैं।

के.के. मिश्रा

मुख्यमंत्री को मुंह की खानी पड़ी है

व्यापमं घोटाले को लेकर सरकार की ओर से मेरे खिलाफ लगाया मानहानि का प्रकरण शायद 1956 में मप्र के गठन के बाद पहला प्रकरण था। इसमें मुझे दो वर्ष की सजा और 25 हजार रुपए अर्थदंड भी लगाया। सर्वोच्च न्यायालय से सरकार के खिलाफ पारित आदेश के बाद सरकार को व मुख्यमंत्री को मुंह की खानी पड़ी है। अब उन्होंने एक बार फिर भोपाल की अदालत में व्यक्तिगत तौर पर मानहानि प्रकरण लगाया है। इसमें भी मैं उन्हें मुंह की खिलाऊंगा। फिर कहना चाहूूंगा कि मुख्यमंत्री का परिवार व्यापमं घोटाले में पूरी तरह शामिल है, घोटाले के कारण 58 संदिग्ध मौतें हुईं जिसकी सूची कांग्रेस ने सार्वजनिक की थी। इस घोटाले से एक लाख 40 हजार बच्चों के जीवन के समक्ष अंधेरा परोसा गया है। आने वाले दिनों में व्यापमं घोटाला फिर सुर्खियों में आने वाला है।

धरने पर बैठीं पूर्व विधायक परूलेकर

मंदसौर| किसान आंदोलन के दौरान छह किसानों को गोली मारने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने व किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम दिलाने के साथ ही स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर बुधवार से पूर्व विधायक कल्पना परूलेकर ने गांधी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया वे रोज सुबह 10 से शाम 6 बजे तक धरने पर बैठेंगी। धरना 30 मई तक चलेगा। 1 जून से किसान संगठन द्वारा किए जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...