शॉपिंग मॉल के लिए मिट्टी जांचते अधिकारी, जल्द बनाएंगे डिजाइन
नईआबादी क्षेत्र में नपा शॉपिंग मॉल के लिए मिट्टी परीक्षण करते अधिकारी।
भास्कर संवाददाता | मंदसौर
नईआबादी स्थित नपा कॉलोनी की 7399 वर्ग मीटर जगह पर शॉपिंग मॉल बनाने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। मॉल की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए फाइल भोपाल नगरीय प्रशासन विभाग के पास गई है। स्वीकृति मिलने से पहले नपा मॉल की विस्तृत डिजाइन तैयार करा रही है। जांच के लिए सोमवार को उज्जैन से अधिकारियों ने मिट्टी की खुलाई कर स्थिति का जायजा लिया।
रिपोर्ट के आधार पर अब कॉलम, दीवार, इसमें कितना सरिया लगेगा, कितनी खुदाई करना होगी। इस तरह की पूरी डिजाइन तैयार की जाएगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही नपा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर काम शुरू कर सकेंगी।
नईआबादी क्षेत्र में नपा कॉलाेनी की जगह बड़े शहरों की तर्ज पर 31.55 करोड़ की लागत से शॉपिंग मॉल बनेगा। इसमें बेसमेंट के अतिरिक्त पांच मंजिल तैयार की जाएगी। बेसमेंट में पॉर्किंग, ग्राउंड फ्लोर व फस्ट फ्लोर पर करीब 125-125 दुकानें बनाई जाएगी। सेकंड व थर्ड फ्लोर पर कार्यालयों के लिए हॉल तैयार होंगे। जिसमें 100 से अधिक ऑफिस खुलेंगे। फोर्थ फ्लोर पर स्केरी हाउस, फूडजोन, आइसक्रीम पाॅर्लर, कैंटीन, मल्टी प्लेक्स जैसी कई सुविधाएं रहेंगी।