पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पुरानी योजनाओं की तरह ना हो शिवना शुद्धिकरण का हश्र, मजबूती से हो काम

पुरानी योजनाओं की तरह ना हो शिवना शुद्धिकरण का हश्र, मजबूती से हो काम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नपा ने सोमवार को शिवना शुद्धिकरण प्रोजेक्ट के लिए विशेष सम्मेलन बुलाया। सभी ने 11.99 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को स्वीकृति तो प्रदान की। सत्तापक्ष व विपक्ष के सभी पार्षदों ने योजना का हश्र पुरानी योजनाओं की तरह ना हो, इसकी आशंका जताते हुए विशेष ध्यान रखने की बात कही। नपा उपाध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि आप रोड किनारे पैवर ब्लॉक लगवा रहे हैं। चाहे उसकी गारंटी पांच साल की हो पर बाढ़ में वह उखड़ जाएंगे और आप केवल ठेकेदार को नोटिस जारी कराते रह जाएंगे, काम तो करा नहीं पाएंगे। पहले से योजना पर मजबूती से काम कराएं। कालाभाटा की तरह योजना का हश्र ना हो। बैठक के बाद सीएमओ द्वारा पार्षदों के फोन नहीं उठाने पर करीब 9 भाजपा पार्षदों ने साइन कर निंदा प्रस्ताव नपाध्यक्ष को सौंपा।

सम्मेलन में कांग्रेस पार्षद रूपल संचेती ने पशुपतिनाथ मंदिर की तरफ से मिलने वाले नालों को रोकने के लिए योजना का विस्तार करने की बात कही। मो. हनीफ शेख ने कहा कि ऐसी ठोस योजना बनाएं कि 50 साल तक कोई समस्या ना हो। नदी के साथ तेलिया व नाहर सैयद तालाबों में मिल रहे नालों को रोकने के लिए भी योजना बनाएं। इसके बाद भाजपा के नपा उपाध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि कालाभाटा बांध भी आने वाले 30 सालों की समस्या दूर करने को लेकर बनवाया था लेकिन योजना फेल हो गई। अब चंबल का पानी लाना पड़ रहा है। शिवना शुद्धिकरण प्रोजेक्ट में पता लगा कि सीसी रोड किनारे पैवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिनके बाढ़ में उखड़ने की पूरी आशंका है।

शिवना शुद्धिकरण के लिए 11.99 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट को मंजूरी

परिषद के विशेष सम्मेलन में मौजूद पार्षद। इनसेट- बैठक को संबोधित करते नपाध्यक्ष बंधवार।

सीएमओ के खिलाफ दिया आवेदन

सीएमओ द्वारा पार्षदों के फोन नहीं उठाने पर भाजपा पार्षदों ने नपा परिषद में ही सीएमओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव देने की तैयारी की। प्रस्ताव पर करीब 9 पार्षदों ने हस्ताक्षर भी किए। बाद में नपाध्यक्ष की समझाइश पर पार्षदों ने बैठक के बाद आवेदन नपाध्यक्ष को सौंपा। नपाध्यक्ष ने सीएमओ से चर्चा कर समस्या समाधान का आश्वासन दिया।

निंदा प्रस्ताव जैसी कोई बात नहीं

फोन नहीं उठाने से नाराज कुछ पार्षदों ने बैठक के बाद आवेदन दिया है। मामले में सीएमओ से चर्चा कर समाधान कराया जाएगा। निंदा प्रस्ताव जैसी कोई बात नहीं है। -प्रहलाद बंधवार, नपाध्यक्ष

पार्षदों ने यह भी दिए सुझाव

शिवना किनारे स्थायी धोबीघाट बनाना चाहिए जिसमें 24 घंटे पानी मिले व उसके गंदे पानी को सीवरेज लाइन के माध्यम से मुक्तिधाम के आगे छोड़ा जाए। स्टॉपडेम पर दोपहिया वाहन के लिए चौड़ा पुल बनाएं जिससे आकस्मिक घटना के दौरान एम्बुलेंस व फायर फाइटर निकल सकें। काश्तकार होटल से नई रोड किनारे पैवर ब्लॉक की जगह आरसीसी कराएं जिससे बाढ़ में नुकसान ना हो।- रुपल संचेती

सीवरेज प्रोजेक्ट पर जल्द ध्यान देकर तत्काल उसके टेंडर जारी कराकर काम शुरू करें। नयापुरा से पशुपतिनाथ मंदिर तक सीधे मार्ग का जल्द चौड़ीकरण किया जाए। कलेक्टोरेट से नदी की दूसरी तरफ तक दोपहिया वाहन के लिए पुल बनाने की बजाय, नदी किनारे मुक्तिधाम तक सीसी रोड को बढ़ाया जाए।-शाकेरा खेड़ीवाला

मैं अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रही हूं

पार्षदों का फोन नहीं उठाने जैसी कोई बात नहीं है। हो सकता है किसी समय किसी आवश्यक बैठक में होने से फोन नहीं उठा सकी हूं, इसमें पार्षदों को भी बुरा नहीं मानना चाहिए। मैं अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रही हूं। नपाध्यक्ष चर्चा करेंगे तो मैं अपना पक्ष भी रखूंगी। -सविता प्रधान, सीएमओ- नगर पालिका

छोटी पुलिया का क्या होगा

नपा उपाध्यक्ष जैन ने सवाल किया कि आप स्टॉपडेम बनाएंगे तो पशुपतिनाथ की छोटी पुलिया डूब में तो नहीं जाएगी। नपाध्यक्ष ने कहा कि उसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। नपा उपाध्यक्ष ने परिषद में स्वच्छता अभियान के दौरान 8.25 लाख रुपए महीने किराये पर चली सफाई मशीन के मामले की जांच कराने की मांग की। उपाध्यक्ष ने कहा कि 8 लाख के भुगतान के बाद रात को केवल दो घंटे मशीनें चलीं जो मंदसाैर के साथ अन्याय है।

समस्या के कारण स्टॉपडेम तोड़ा, अब वापस बना रहे

कांग्रेस पार्षद विजय गुर्जर ने नपाध्यक्ष से कहा कि पूर्व परिषद में आपके समय में ही मुक्तिधाम के पास छोटी पुलिया पर स्टॉपडेम बनाया था। तकनीकी चूक के कारण बाद में वह जलकुंभी का कारण बना। तत्कालीन कलेक्टर स्वतंत्रकुमार सिंह ने समस्या को पकड़ा व स्टॉपडेम को तुड़वाया। इस तरह की समस्या वापस ना हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। नपाध्यक्ष ने कहा कि इस बार नालों के पानी को अागे निकालने के बाद स्टॉपडेम बनाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...