पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 70% वाले छात्रों का 1 रुपए में रजिस्ट्रेशन, छात्राओं का नि:शुल्क रहेगा

70% वाले छात्रों का 1 रुपए में रजिस्ट्रेशन, छात्राओं का नि:शुल्क रहेगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कॉलेजों में प्रवेश को लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने अभी तक शेड्यूल जारी नहीं किया है लेकिन इसी सप्ताह से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। अभी कॉलेजों की मैपिंग हो रही है। नए नियम के साथ प्रक्रिया होगी। इसके लिए सिलेबस व सीटों की संख्या अपलोड की है। विभाग ने कॉलेजों में ई-प्रवेश को लेकर सत्र 2018-19 के लिए कुछ बदलाव किए हैं। खास बात है कि छात्राओं का रजिस्ट्रेशन नि:शुल्क रहेगा। सभी वर्गों की छात्राओं को सिर्फ पहले चरण में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ रहेगा। बाद के चरणों में निर्धारित शुल्क देना होगा। अभी यह शुल्क 100 रुपए निर्धारित है। मेधावी विद्यार्थियों को भी 5% छूट दी है। पिछले साल तक 12वीं में 75% या इससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को सिर्फ 1 रुपए कॉलेज फीस लेकर प्रवेश दिया जाता था। अब 70% या इससे अधिक अंक लाने वालों को यह सुविधा दी जाएगी। ऑनलाइन प्रवेश के दौरान लगने वाले रजिस्ट्रेशन शुल्क पहले की तरह देना होगा। लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रवींद्रकुमार सोहोनी ने बताया एडमिशन प्रक्रिया पर जल्द कार्य होगा। आवश्यक निर्देश लगातार आ रहे हैं।

ऑनलाइन एडमिशन

उच्च शिक्षा विभाग ने अब तक जारी नहीं किया शेड्यूल, कई नए नियम भी लागू हो रहे, अभी कॉलेजों की मैपिंग हो रही है, नए नियम के साथ प्रक्रिया शुरू होगी

रसीद देखकर दें कियोस्क पर शुल्क

सरकार ने छात्राओं को शुल्क में छूट जरूर दी है लेकिन कियोस्क पर मनमाने रुपए वसूलने की शिकायतें आती हैं। छूट होने पर छात्राओं का रजिस्ट्रेशन शुल्क शून्य रहेगा। केवल सेवा शुल्क देना होगा। यह दोनों रसीद पर लिखा होता है।

विद्यार्थियों को अब सत्यापन के लिए लंबी कतारें नहीं लगाना पड़ेंगी

कॉलेजों में प्रवेश के लिए इस सत्र में दस्तावेज के सत्यापन के लिए लंबी कतारें नहीं लगाना पड़ेंगी। कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया में उच्च शिक्षा विभाग ने बदलाव किया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के पोर्टल व डेटा से उच्च शिक्षा विभाग के ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल को लिंक किया जा रहा है। इससे ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद मार्कशीट जैसे दस्तावेज सत्यापन कराने विद्यार्थियों को कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा। बीते सत्र में यह व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए दस्तावेज के सत्यापन के लिए कॉलेजों की खिड़की पर कतार लगानी पड़ती थी। इससे विद्यार्थियों को सत्यापन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थी को अतिरिक्त अंक चाहने पर एनसीसी या खेल प्रमाण-पत्र जैसे दस्तावेज सत्यापित करवाना होगा।

मंदसौर पीजी कॉलेज में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

इन नए नियमों से इस तरह मिलेगी राहत

पंजीबद्ध असंगठित कर्मकार की संतानों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर दोनों नियमित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने पर शैक्षणिक शुल्क से छूट। स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में अधिकतम आयु सीमा का बंधन समाप्त। प्रथम वर्ष में प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए जुलाई के प्रथम सप्ताह में व्याख्यान होंगे। डिजिटल इंडिया प्रोग्राम में ऑनलाइन प्रवेश शुल्क भुगतान की व्यवस्था। 5 फीसदी सीट दिव्यांगों के लिए आरक्षित होगी, पिछले साल तक 3 फीसदी सीट आरक्षित थी।

माध्यमिक शिक्षा मंडल का रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होगा

पीजी कॉलेज प्राचार्य डॉ. रवींद्रकुमार सोहनी ने बताया इस सत्र में कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया में बड़े हिस्से का ऑटोमेशन हो जाएगा। मई के अंत तक एडमिशन के लिए लिंक खोली जाएगी। एडमिशन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान विद्यार्थियों को पोर्टल पर माध्यमिक शिक्षा मंडल का रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होगा। इसे डालते ही विद्यार्थी की 12वीं की अंकसूची, जाति, मूल निवासी जैसे प्रमाण-पत्र सहित सभी जानकारी प्रवेश आवेदन के साथ लिंक हो जाएगी।

खबरें और भी हैं...