इंडो-नेपाल जूडो कराते चैंपियनशिप को ओवरऑल परफार्मेंस आधार पर मध्यप्रदेश टीम ने जीता। टीम के लिए मंदसौर के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक गोल्ड मेडल भी जीते। उपविजेता नेपाल की टीम रही। चंद्रपुरा स्थित भगवान पशुपतिनाथ अतिथिगृह में रविवार को सुबह 10 से शाम 7 बजे तक रोमांच से भरपूर मुकाबले हुए। मिनी, जूनियर व सीनियर वर्ग में 350 खिलाड़ियों ने वजन वर्ग समूह में खेल कौशल दिखाया। रात 8.20 बजे तक चले समापन समारोह में पुरस्कारों की घोषणा की गई। इंडो-नेपाल इंटरनेशनल क्याेकुशिनकाई फुल कांटेक्ट कराते टूर्नामेंट में नेपाल के 70 खिलाड़ी भी सम्मिलित हुए थे।
टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश टीम को 38 मैडल मिले, जिसमें से 20 मेडल मंदसौर के खिलाड़ियों ने जीते। नेपाल टीम 25 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर गुजरात की टीम रही। टूर्नामेंट में राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार जैसे 8 राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल हुए थे।
शाम को विजेताओं को दिए पुरस्कार
उपविजेता नेपाल टीम के खिलाड़ियों को ट्राॅफी से पुरस्कृत करते अतिथि।
अंतरराष्ट्रीयस्तर का प्रदर्शन देखने को मिला
समापन कार्यक्रम में विधायक यशपालसिंह सिसौदिया ने कहा मंदसौर जिले में तेजी से खेलों का माहौल बना है। टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीयस्तर का प्रदर्शन भी देखने को मिला। नपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार ने कहा नपा स्तर पर भी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पूरा सहयोग किया जाता है। कार्यक्रम को भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश सहकार्यालय मंत्री हिम्मत डांगी, भाजपा दक्षिण मंडल नगर अध्यक्ष संजय मुरड़िया, सुरेश भाटी ने भी संबोधित किया। समापन समारोह में विभिन्न कैटेगरी में उत्कृष्ट खेल कौशल प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए गए।
खेल प्रतिभाओंं को प्रोत्साहन मिलेगा
जिला स्पोर्ट्स कराते एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भानुप्रतापसिंह सिसौदिया ने कहा भविष्य में भी इस प्रकार की खेल गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देंगे। नूतन स्टेडियम में सर्वसुविधायुक्त क्रिकेट मैदान, नपा का नेशनल लेवल का स्वीमिंग पूल है वहीं हॉकी में भी उच्चस्तरीय मापदंड मुताबिक ग्राउंड तैयार हाेना व अन्य क्षेत्रों के बड़े टूर्नामेंट शहर की खेल गतिविधि के लिए शुभ संकेत है। खेल कोच गगन कुरील, सैयद आफताब आलम समेत आयोजन समिति पदाधिकारी, सदस्य भी मौजूद थे।