पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कालाभाटा बांध में 8.6 फीट ही पानी, मई में नपा दो दिन छोड़कर कर सकती है सप्लाई

कालाभाटा बांध में 8.6 फीट ही पानी, मई में नपा दो दिन छोड़कर कर सकती है सप्लाई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में पेयजल वितरण को लेकर नपा ने गुरुवार को फिर कालाभाटा बांध का गेट खोला। इससे अब बांध करीब 8.6 फीट ही पानी रह गया है। इससे जलग्रहण क्षेत्र में जमा पानी भी कैनाल के माध्यम से बांध तक पहुंच रहा है। नपा को 10 से 15 दिन में बिजली मोटर के माध्यम से गड्‌ढों में जमा पानी को बांध तक पहुंचाना होगा। इसके बाद भी नपा के पास मई अंत तक का पानी ही बचेगा। ऐसे में जिम्मेदार 20 मई के बाद दो दिन छोड़ पेयजल वितरण की बात कह रहे हैं। जल्द समीक्षा बैठक बुलाकर निर्णय लिया जाएगा।

नपा द्वारा अभी शहर में एक दिन छोड़कर पेयजल वितरण किया जा रहा है। इसके बाद भी नपा को रोज 28 लाख गैलन पानी की आवश्यकता है। रामघाट खाली होने के बाद गुरुवार को नपा ने कालाभाटा बांध से पानी रामघाट में छोड़ा। इससे रामघाट में 10 फीट पानी एकत्र हो गया पर कालाभाटा बांध में 8.5 फीट पानी ही बचा। रामघाट को 10 फीट भरने के बाद नपा 18 से 20 दिन पेयजल वितरण कर पाती है। एक बार रामघाट में पानी भरने पर कालाभाटा तीन फीट तक खाली हो जाता है। यानी कालाभाटा में बचे 8.5 फीट पानी से नपा करीब तीन बार रामघाट को 10 फीट भर सकती है। इस तरह नपा के पास 60 दिन का पानी है लेकिन गर्मी में वाष्पीकरण के चलते वर्तमान में दोनों बांध से सप्ताह में करीब दो इंच पानी कम हो रहा है। इससे करीब दस से पंद्रह दिन का पानी भाप जाएगा। इसके बाद नपा के पास 45 से 50 दिन का पानी ही बचेगा। शहर में जलसंकट की स्थिति गहराती जा रही है। ऐसे में नपा के जिम्मेदार जल्द समीक्षा बैठक कर 15-20 मई से दो दिन छोड़कर पेयजल वितरण पर विचार कर रहे हैं।

10 से 15 दिन में लगाना होगी मोटर वरना आएगी दिक्कत
कालाभाटा बांध के जलग्रहण क्षेत्र के गड्ढों में एकत्र पानी को बांध तक लाने के लिए नपा ने गतवर्ष जेसीबी के माध्यम से कैनाल (कच्ची नहर) तैयार कराई थी। इससे होकर पानी बांध तक आता है। 12 अप्रैल को बांध से पानी छोड़ने के बाद कैनाल शुरू हो गई है। कुछ पानी आने के बाद अब आठ से दस दिन में नपा को गड्‌ढों का पानी लाने के लिए बिजली मोटरें लगाना होंगी।

नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी
नपा द्वारा एक दिन छोड़कर पेयजल वितरण किया जा रहा है। इसमें भी लाेगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। नृसिंहपुरा निवासी नारायण कुरारिया ने बताया कि क्षेत्र में कभी 20 मिनट तो कभी आधे घंटे नल से पानी आ रहा है लेकिन उसमें प्रेशर नहीं होने से दो दिन में 150 से 200 लीटर ही पानी मिल पाता है। नृसिंहपुरा में बनी टंकी को अब तक वितरण लाइन से नहीं जोड़ा है। नपा को इसे जोड़ जल्द समाधान करना चाहिए।

कालाभाटा में बचा 8.6 फीट पानी, इससे नपा सिर्फ डेढ़ महीने ही सप्लाई कर सकती है।

स्थिति देखते हुए समीक्षा करेंगे
जून तक पानी को चलाया जा सकता है। मई के प्रारंभ में पानी की स्थिति को देखते हुए समीक्षा बैठक की जाएगी। जरूरत होने पर 20 मई बाद दो दिन छोड़कर पेयजल वितरण किया जाएगा। नृसिंहपुरा क्षेत्र की टंकी में कुछ लीकेज रह गया है, इसके लिए ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया। पेयजल वितरण लाइन के लिए टेंडर बुलाए हैं। इससे संबंधित की समस्या का समाधान हो जाएगा। पुलकित पटवा, जलकल सभापति

10 कुएं किए अधिगृहीत - नपा ने पेयजल संकट को देखते हुए अभी तेलिया तालाब के आसपास के 10 कुओं का अधिग्रहण किया है। इससे टिगरिया, 500 क्वार्टर व अन्य क्षेत्रों में टैंकर से पानी सप्लाई किया जा रहा है। आवश्यकता होने पर नपा और भी कुओं का अधिग्रहण कर सकती है।

खबरें और भी हैं...