इधर, शिवना के शुद्धिकरण के लिए अगले सप्ताह मिलेगी रिपोर्ट
शिवना शुद्धिकरण व सौंदर्यीकरण के लिए नपा द्वारा नियुक्त कंसल्टेंट ने सर्वे कर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर ली। वह अगले सप्ताह नपा को रिपोर्ट सौंपेगा। शिवना में मिल रहे नालों को रोकने के लिए सीवरेज लाइन, स्टॉपडेम, पैदल पुल, सौंदर्यीकरण सहित कई काम होना हैं। इससे प्राेजेक्ट की लागत 12 करोड़ रुपए पहुंच रही है। नपा ने प्राथमिकता में भी सबसे पहले सीवरेज प्रोजेक्ट को शामिल किया।
पशुपतिनाथ मंदिर के सामने खानपुरा से मुक्तिधाम तक शिवना में मिल रहे गंदे नालों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने 20 जनवरी 18 को दलौदा सभा में 6 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। राशि मिली तो नपा ने एस. पद्म मालवीय को कंसल्टेंट नियुक्त कर नालों को रोकने के लिए सीवरेज लाइन, शिवना पर स्टॉपडेम, पैदल पुल, रोड, कलेक्टोरेट की तरफ रीटेनिंग वॉल व घाट का सौंदर्यीकरण भी शामिल किया। इससे प्रोजेक्ट की लागत करीब 12 करोड़ रुपए हो गई। कंसल्टेंट ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट अगले सप्ताह नपा में प्रस्तुत करेगा। इधर, नपाध्यक्ष प्रहलाद बंधवार ने बताया विकास के लिए 6 करोड़ होने से सबसे पहले शिवना शुद्धिकरण के लिए डाली जाने वाली सीवरेज लाइन को प्राथमिकता में शामिल किया है। बाकी कार्य के लिए नपा मद व शासन से स्वीकृति ली जाएगी।