पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 440 पंचायतों में चौपाल पर ही होगा समस्या का निदान

440 पंचायतों में चौपाल पर ही होगा समस्या का निदान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 14 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम स्वराज अभियान चलाया जाएगा। इसमें जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सात दिन सात तरह के अलग-अलग दिवस मनाए जाएंगे। हर ग्राम पंचायत में सभाएं व अन्य आयोजन कर लोगों को शासकीय योजना की जानकारी देकर लाभ दिया जाएगा।

हितग्राहियों की समस्याओं का निदान करेंगे। इसके लिए कलेक्टर ने 40 अधिकारियों को 440 ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी। अभियान का शुभारंभ 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस के साथ होगा। इसके नोडल अधिकारी सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक डॉ. जे.के. जैन हाेंगे। 18 अप्रैल को स्वच्छ भारत दिवस के लिए नोडल पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को बनाया। 20 अप्रैल को उज्जवला दिवस के लिए खाद्य विभाग को नोडल बनाया। 28 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस मनेगा जिसमें नोडल पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग रहेगा। 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस के नोडल लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, 2 मई को किसान कल्याण दिवस के लिए नोडल किसान कल्याण व कृषि विभाग एवं 5 मई को आजीविका दिवस के लिए नोडल पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को बनाया। इन सभी विशेष दिन ग्राम में सभाएं व विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।

मिलेंगी सुविधाएं
5 मई तक होंगी ग्रामसभाएं, पहले दिन मनाएंगे सामाजिक न्याय दिवस, 18 को स्वच्छ भारत दिवस, लोगों को दिलाएंगे योजनाओं को लाभ
लोगों को जागरूक करेंगे
स्वच्छ भारत दिवस के दिन ग्राम पंचायतों में सभा आयोजित कर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। गंदगी की सामूहिक समस्याओं के निदान पर ग्रामीणों से चर्चा कर उपाय निकाले जाएंगे। लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उज्जवला दिवस पर खाद्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन व टंकियां दी जाएंगी। विभाग द्वारा ग्रामीणों को इसके उपयोग व सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। लोगों की समस्याओं का निदान कर योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इस तरह सातों दिन विशेष दिवस पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर, लोगों की समस्याओं का समाधान कर लाभ दिलाया जाएगा।

40 से अधिक अधिकारियों को बनाया पर्यवेक्षक
अभियान के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर ने जिले के 40 अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। इसमें प्रत्येक को जनसंख्या व क्षेत्रफल के आधार पर 7 से 15 पंचायत का प्रभार दिया। इन पंचायतों में अभियान के सफल आयोजन की जिम्मेदारी इन पर्यवेक्षकों की होगी। इन्हें अंत में सभी आयोजनों की रिपोर्ट फोटोग्राफी के साथ शासन को भेजना होगी।

पंचायतों को देना होगा काम का हिसाब, निर्देश जारी किए
इन ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल होना होगा। साथ ही विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों को उनके द्वारा विगत सालों में किए गए कार्यों की जानकारी, लागत एवं आगामी समय में किए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी फ्लैक्स के माध्यम से सभाओं में बताने के निर्देश दिए हैं। इससे ग्रामीणों को भी पता चलेगा कि पंचायत में कितने विकास कार्य हुए या होना हैं।

अभियान में पर्यवेक्षक नियुक्त, सौंपी जिम्मेदारी
ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ 14 अप्रैल को होगा। इसके सफल आयोजन के लिए पर्यवेक्षक व अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। इसमें सात दिन सभी ग्राम पंचायत में विशेष दिवस मनाएं जाएंगे। ओपी श्रीवास्तव, कलेक्टर

खबरें और भी हैं...