मांडू के बाजार टांड़ में रहने वाले बालेश्वर पांडेय के पुत्र मनोज पांडेय का शव हजारीबाग में मिलने से मांडू में लोग आहत हैं। घटना की जानकारी जिस किसी व्यक्ति को मिली, वे फौरन मृतक के घर पहुंच गए। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही घर से सभी सदस्य शव को लाने के लिए हजारीबाग चले गए हैं।
घटना के बाद पूरे बाजार टांड़ मुहल्ला में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए मृतक के एक परिजन ने बताया कि मनोज हजारीबाग के कालीबाड़ी स्थित एक मेगा माॅल में सिक्यूरिटी गार्ड के रूप में ड्यूटी करता था। शुक्रवार की देर शाम परिजनों ने उसके मोबाइल पर बातचीत भी की थी। लेकिन रात में मनोज का मोबाइल स्विच आफ बताने पर परिजन चिंतित हो गए।
शनिवार सुबह मनोज का शव हजारीबाग स्थित कालीबाड़ी के निकट एक नाला में पाए जाने की सूचना पर परिजनों के होश उड़ गए। बताया जाता है कि सरल स्वभाव के धनी मृतक मनोज की चार पुत्री व एक पुत्र हैं। इसमें बड़ी पुत्री का विवाह हो चुका है। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।