मतदान करने देर से आए ग्रामीणों को वोट डालने से रोका
भास्कर न्यूज| कुजू
आरा उत्तरी पंचायत सचिवालय में शनिवार को ग्राम विकास समिति गठन को लेकर आयोजित मतदान हो-हंगामे के बीच रद्द कर दिया गया। चुनाव पर्यवेक्षक सह पंचायत सेवक भुनेश्वर महतो व मुखिया करमचंद मांझी को आक्रोशित मतदाताओं का विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान मतदाताओं ने मतदान पेटी से मतदान पत्र को बाहर निकाल कर फेंक दिया। साथ ही पंचायत सचिवालय के टेबल कुर्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। चुनाव को लेकर चुनाव पर्यवेक्षक व मुखिया द्वारा चुनाव प्रकिया के तहत मतदान का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया था। लेकिन निर्धारित समय के बाद मतदान करने पहुंचे दर्जनों महिला-पुरुष को मतदान के लिए रोक दिया गया। इसके बाद मतदान से वंचित ग्रामीण उग्र हो गए। चुनाव पर्यवेक्षक व मुखिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि समय से पूर्व मुखिया द्वारा मत पेटी के अंदर अपने पक्ष के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित के लिए बोगस मत का प्रयोग किया गया है। यह जनहित में बिल्कुल गलत है।
बीडीओ को दी गई सूचना
इस संबंध में मुखिया करमचंद मांझी द्वारा मतदान रद्द करते हुए इसकी सूचना मांडू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता को दी। उल्लेखनीय है कि ग्राम विकास समिति गठन को लेकर मुखिया द्वारा मतदान प्रक्रिया के तहत यह चौथी बार चुनाव रद्द किया गया है।
पुलिस के सहयोग से चुनाव कराया जाएगा: बीडीओ
इस संबंध में बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि आरा उत्तरी पंचायत के मुखिया पर ग्रामीणों के आरोप के मद्देनजर प्रखंड पीडब्ल्यूओ को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त कर व पुलिस के सहयोग से चुनाव कराया जाएगा।