भास्कर संवाददाता|मनेंद्रगढ़
मिनी स्टेडियम में चल रहे मनेंद्रगढ़ कप क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को दो मैच खेले गए जिसमें वार्ड क्र. 18 व 13 ने अपने-अपने मैच जीते। मैच का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मिनी स्टेडियम में मौजूद रहे।
पहला मैच वार्ड 5 व आजाद वार्ड 18 की टीम के बीच खेला गया जिसमें वार्ड 18 की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। वार्ड 5 की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 5 विकेट खोकर 90 रन बनाए। बल्लेबाज उत्तम ने 31 व जावेद ने 30 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड 18 की टीम ने 1 विकेट खोकर 8 ओवरों में आसानी से लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच 23 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाने वाले बल्लेबाज किशन को दिया गया। दूसरा मैच महात्मा गांधी वार्ड 7 और विवेकानंद वार्ड 13 के मध्य खेला जाएगा। वार्ड 13 की टीम ने टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का निर्णय लिया। वार्ड 7 की टीम 8.1 ओवर में 65 रन पर ऑल आउट हो गई। बल्लेबाज जीतू ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। वहीं वार्ड क्र. 13 की टीम के गेंदबाज नीलेश ने 2.1 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किए जबकि संजय ने 2 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। बल्लेबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली वार्ड क्र. 7 की टीम ने गेंदबाजी में भी दर्शकों को मायूस किया और अतिरिक्त रन जमकर लुटाए, परिणाम स्वरूप वार्ड क्र. 13 की टीम ने 6.4 ओवर में 1 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वार्ड क्र. 13 की टीम के गेंदबाज नीलेश को दिया गया जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2.1 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। पहले मैच के अंपायर आशीष गौतम और केशव राज तथा दूसरे मैच के भूपेंद्र भंडारकर व नरेंद्रजीत सिंह रैना रहे जबकि स्कोरिंग शुभम सिंह व रवि मरकाम ने की।
मिनी स्टेडियम में चल रहे मनेंद्रगढ़ कप क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को दो मैच खेले गए
इन टीमों में होंगे आज के मैच
मनेंद्रगढ़ कप रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन 18 मई शुक्रवार को पहला मैच सायं 7 बजे से भगत सिंह वार्ड क्र. 17 और इंदिरा वार्ड क्र. 19 तथा दूसरा मैच रात्रि 9 बजे से सुभाष वार्ड क्र. 8 और संजय वार्ड क्र. 21 के बीच खेला जाएगा।