वार्ड 19 के कई घरों में 3 से 4 दिन में मिलता है पानी
मनेंद्रगढ़| नपा क्षेत्रांतर्गत इंदिरा वार्ड क्र. 19 के कुछ घरों में पीने के पानी का संकट है। तीन से चार दिनों तक लोगों को पानी का एक बूंद भी नसीब नहीं हो रहा है।
दरअसल इंदिरा वार्ड जल प्रदाय गृह से लगा है, बावजूद इसके कई घरों में पानी की एक-एक बूंद के लिए लोगों को तरसना पड़ रहा है। दो-तीन दिनों के अंतराल में भी लोगों को पानी के लिए तरसाया जा रहा है। परेशान वार्डवासी नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी के पास जाते हैं, लेकिन उनकी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। बता दें नपाध्यक्ष ने शहर सरकार की सत्ता संभालते ही बेहतर जल व्यवस्था करने का दावा किया था। कहा था कि जल वर्ष के रूप में उनका कार्यकाल याद किया जाएगा, लेकिन इंदिरा वार्ड सहित शहर में कई वार्ड ऐसे हैं जहां लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे भी नहीं है कि शहर में पेयजल का अभाव है। हसदो नदी पर निर्मित एनिकट में पानी तो भरपूर है, लेकिन नपा की जल संसाधन व्यवस्था बेपटरी है और तकनीकी विशेषज्ञों का भी अभाव है। जहां चाह रहे हैं वहां वाल लगाया जा रहा है। इंदिरा वार्ड में भी कहीं वाल लगाया जा रहा है तो कहीं पाइप लाइन को काटकर कबूतर और बॉल तलाशा जा रहा है कि कहीं पाइप में तो कुछ फंसा नहीं है, जिसकी वजह से कुछ घरों में पानी नहीं जा रहा है। वहीं कुछ घरों को इतना पानी मिल रहा है कि लोग बाग-बगिया सींच रहे हैंं, सड़क पर पानी बहा रहे हैं। यदि नपा के पास तकनीकी रूप से जानकार कर्मचारी होते तो आज पानी को लेकर इतनी मारामारी नहीं रहती। जिन घरों में नलों में पानी नहीं आ रहा है वहां तक टैंकर भी पहुंचाना नामुमकिन है, क्योंकि सड़क काफी संकरा है। इसके बाद भी पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा भी शहर की सरकार लाेगों को आसानी से उपलब्ध नहीं करा पा रही है। इससे वार्ड वासियों को काफी पेरशान होना पड़ता है। लोगों को दूसरे वार्ड से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।