भागवत कथा का समापन, मटकी सजाओ प्रतियोगिता में पुरस्कार बांटे
भास्कर संवाददाता|मनेंद्रगढ़
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का मंगलवार को हवन-पूजन और भंडारे के साथ समापन हुआ। भागवत कथा 8 मई से श्री राम मंदिर परिसर में हो रही थी। वृंदावन धाम से पधारे आचार्य मनोज मोहन शास्त्री और उनकी बेटी बाल विदुषी संत प्रिया पराशर के श्रीमुख से श्रोताओं ने कथा का रसास्वादन किया। भागवत कथा में स्थानीय जनों महिलाओं, बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में श्रोताओं ने भक्ति रस में ढुबकी लगाई।
बाल विदुषी संत प्रिया ने कथा सुनाते हुए बताया प्रभु में अपना मन लगा लेने से जीवन तर जाता है। कृष्ण जगत के पालनहार हैं। जगत के देवता हैं और कृष्ण की शरण में जाने से वह हमारे सारे पाप मिटाते हुए सारे कष्टों को हर लेते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को हरि का नाम जपना चाहिए और हरि की शरण लेनी चाहिए। आचार्य मनोज मोहन शास्त्री ने कहा कि वे पिछले 40 वर्षों से मनेंद्रगढ़ आ रहे हैं। इसके पहले भी देश के कई राज्यों में की जा चुके हैं। श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के अलावा आचार्य श्री राम कथा के भी मर्मज्ञ विद्वान हैं। अपनी वाणी से मन मोह लेने के लिए प्रिया पराशर की श्रोताओं ने प्रशंसा की। क्षेत्रीय अग्रवाल महासभा के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महापुराण में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे अौर व्यासपीठ से आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया। संजय अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के लिए हमें लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग प्रदान किया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। कहा कि समिति का प्रयास रहेगा कि निरंतर इस प्रकार के कार्यक्रम होते रहें। कलश सजाओ प्रतियोगिता, कान्हा बनाओ, आरती थाल सजाओ प्रतियोगिता, बौद्धिक प्रश्न मंच, दही हांडी की मटकी सजाओ प्रतियोगिता के पुरस्कार भी समापन के दौरान बांटे गए। इस दौरान आयोजन समिति की तरफ से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें श्री राम हास्पिटल के संचालक डॉ. अंशुल सिंह ने मरीजों का नि:शुल्क चेकअप किया गया, जिसमें 70 से ज्यादा मरीज लाभान्वित हुए। दांतों की जांच के लिए डॉ. सरकार मनेंद्रगढ़ ने परीक्षण किया, जिसमें करीब 40 लोगों ने दांतों चेकअप कराया। इस दौरान दवाइयां बांटी गईं। श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के साथ ही कुशल वैद्य ने पथरी रोगियों का निराकरण किया गया जिसमें लगभग 20 से ज्यादा पथरी रोगियों ने पथरी निकल जाने का अनुभव महसूस किया। धर्म के साथ-साथ मानव सेवा के इस प्रयास में क्षेत्रीय अग्रवाल महासभा के इस आयोजन में प्रमुख रूप से स्वरूप दुर्गा प्रसाद वर्मा, रामविशाल अग्रवाल, संतोष गुप्ता, सतीश के परिवार जनों सहित विशेष रूप से संसदीय सचिव चंपा देवी पावले, प्रभा पटेल, इंद्रा सेंगर, सविता अग्रवाल, उर्मिला अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, माहेश्वरी सिंह समेत क्षेत्रीय लोग उपस्थित हुए।
अग्रवाल महासभा की श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर हवन-पूजन के बाद सैकड़ों लोगों ने खाया भंडारा, नेत्र शिविर में 150 मरीजों ने कराई जांच
श्रीमद् भागवत कथा सुनातीं बाल विदुषी संत प्रिया, मौजूद श्रोता।