शिक्षकों की समस्याओं की जांच करने पहुंची कमेटी
मनियां. कोटपुरा विद्यालय में जांच करते जांच कमेटी के सदस्य।
वेतन, एरियर बिल न बनाने की थी शिकायत
भास्कर संवाददाता|मनियां
क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटपुरा की प्रधानाचार्या पर शिक्षकों की ओर से वित्तीय अनियमितता एवं पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर नन्नूराम पहाड़िया को शिकायत की गई थी। जिसमें विद्यालय के शिक्षकों के अलावा पीईईओ परिक्षेत्र में आने वाले शिक्षकों का वेतन एवं एरियर बिल नहीं बनाने के अलावा कई अन्य अनियमितता की शिकायत की गई थी। जिस पर जिला कलेक्टर ने बुधवार को चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। जिसमें तहसीलदार भगवतशरण त्यागी, मनियां बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या शुक्कोदेवी, एकाउंटेंट केशवदेव पचौरी, जिला शिक्षा अधिकारी केओए सुशील को शामिल किया गया। जांच टीम ने बुधवार को कोटपुरा विद्यालय में पहुंच कर विद्यालय के रिकार्ड की जांच की तथा शिक्षकों द्वारा की गई शिकायत का सत्यापन किया गया। जिसमें शिक्षकों द्वारा बताया कि प्रधानाचार्या द्वारा दो माह का वेतन एवं ऐरियर नही बनाया गया है। वहीं शिक्षक हरिमोहन शर्मा को सेवानिवृत हुए दो माह हो गए लेकिन उनकी पेंशन की कार्रवाही भी नही की गई है और ना ही 300 पीएल का भी भुगतान नही किया गया है। वही पीईईओ के अधीन आने वाले विद्यालयों के कार्मिकों का वेतन भी तीन माह से नहीं उठाया गया है। जिस पर जांच कमेटी की ओर से रिकार्ड की जांच कर प्रधानाचार्या को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बुलाया गया। जहां शिक्षकों के वेतन बिल बनाने के लिए कहा गया है। जिससे शिक्षकों को दो माह के वेतन का भुगतान किया जा सके। तहसीलदार भगवतशरण त्यागी ने बताया कि कमेटी की ओर से प्रधानाचार्या की ओर से की गई अनियमितताओं की जांच की गई है। जिसमें मिली अनियमितताओं की जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिसे जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।