बीजेपी की सरकार समरसता को विषाक्त रही है - कांग्रेस
चाईबासा|राज्य की बीजेपी सरकार आदिवासी ग्राम विकास समिति के द्वारा फूट डालो शासन करो की तर्ज पर जिला में समिति बनाकर महिलाओं को बीजेपी कार्यकर्ता बनाने का काम कर रही है। उक्त बातें कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सन्नी सिंकू ने मझगांव प्रखंड कांग्रेस द्वारा की गई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि योजनाओं का चयन, क्रियान्वयन, निगरानी व अंकेक्षण करने के लिए संविधान ने ग्राम स्तर पर ग्राम सभा का प्रावधान किया है। इसमें सभी समुदाय को समाविष्ट करने का प्रावधान है, लेकिन बीजेपी सरकार ने संविधान प्रदत्त ग्रामसभा को खारिज कर आदिवासी ग्राम विकास समिति के द्वारा जिला में सदियों से परस्पर सदभाव व समरसता के तहत रहने वाले मूलवासियों के बीच भेदभाव कर समाज को विषाक्त करना चाहती है। यह सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। आदिवासी ग्राम विकास समिति में आदिवासी महिला को ही अध्यक्ष बनाने का सरकार का निर्णय कोल्हान पारंपरिक, रूढ़ि, सामाजिक प्रथा मानकी-मुंडा प्रथा के तहत सभी जाति वर्ग से मुंडा व मानकी होते है। कोल्हान में प्रवृत मानकी-मुंडा प्रथा के तहत सभी जाति-वर्ग से मानकी-मुंडा होने की समरसता को भी विषाक्त करने का प्रयास किया गया।