झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर रविवार को पोड़ाहाट अनुमंडल के सातों प्रखंड की आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं ने तपती दुपहरिया में चक्रधरपुर में सिंहभूम सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा समेत चक्रधरपुर विधायक शशिभूषण सामड, मनोहरपुर विधायक जोबा मांझी और खरसावां विधायक दशरथ गागराई का आवास का घेराव कर मांग पत्र सौंपा। इससे पहले रैली निकाल कर सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। कड़ी धूप में सेविका-सहायिकाओं ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी नारे लगाए। कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं कर सकते, तो विधायकी छोड़ दें। कार्यक्रम का नेतृत्व संघर्ष मोर्चा के सचिव मार्टिन मुर्मू, जिला के कोषाध्यक्ष कांता गुड़िया, चक्रधरपुर की अध्यक्ष झुमा मिश्रा, सुखमती हेंब्रम और मनोहरपुर की अर्चना महतो ने भी किया।
4 माह बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं
जनवरी 2018 में अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान सरकार से समझौता हुआ था कि आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं की मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। मांगों को तीन महीने के अंदर पूरा करने का आश्वासन मिला, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी मांगें लागू नहीं होने से संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सरकार की वादाखिलाफी को लेकर आंदोलन शुरू किया गया। सेविका-सहायिक 30 मई को मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करेंगी।
इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा करेंगे।