शनिवार की शाम स्थानीय कृष्णा चित्र मन्दिर में डीएवी, चिरिया के बच्चों के द्वारा महाराणा प्रताप की जयंती और स्वच्छ मनोहरपुर सप्ताह का कार्यक्रम समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह का उद्घाटन प्रशिक्षु आईपीएस सह मनोहरपुर थाना प्रभारी आर रामकुमार ने किया। मौके पर अतिथियों ने अपने-अपने संबोधनों में कहा कि डीएवी के नौनिहालों ने बच्चों ने स्वच्छता के प्रति यहां के लोगों को जागरूक करने का जो काम किया है वह सराहनीय है। यहां के लोगों को अपने बच्चों से सीखने की जरूरत है। हम अपनी जिम्मेवारी समझें। तभी हम अपने परिवेश को स्वच्छ रख सकेंगे। साथ ही कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने जीवन काल में जो उल्लेखनीय कार्य किये वह सदियों तक हमें प्रेरणा देते रहेंगे। कहा कि राणा प्रताप ने मातृभूमि की अस्मिता की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, जंगल मे रहकर घास की रोटी खाकर जो लड़ाई लड़ी उससे बच्चों को सीख लेनी चाहिए कि परिस्थितियां कैसी भी विकट हो, संघर्ष जारी रहना चाहिए। अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी। संचालन यश सिंह ने किया। स्कूल के बच्चों के विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, एकांकी आदि की प्रस्तुति की। साथ ही स्वच्छता को लेकर भी एक जागरूकता नाटिका का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रमों में मोहित हरलालका, नयन खोवाला, साकेत अग्रवाल आदि अपनी प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों ने नाटक के माध्यम से स्वच्छता का दिया संदेश।