हो जनजातीय संसाधन केंद्र सह संग्रहालय का उदघाटन
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को प्रखंड के बचमगुटू स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हो जनजातीय संसाधन केंद्र सह संग्रहालय का उदघाटन स्थानीय विधायक जोबा माझी व कोल्हान के आरडीडीई अरविंद विजय विलुंग ने किया। इस मौके पर संग्रहालय में रखी चीजों को देख सभी अतिथि अभिभूत हुए। संग्रहालय में हो आदिवासी समाज से जुड़ी कई चीजें रखी हुई हैं। इस मौके पर अतिथियों ने अपने संबोधनों में कहा कि कोल्हान के स्कूलों में इस तरह का यह सातवां संग्रहालय है। इसकी स्थापना के मुख्य उद्देश्य न सिर्फ आदिवासी बल्कि सभी समुदाय के लोग व स्कूल के बच्चे इसे देख अपनी संस्कृति से रु-ब-रु हो सकें। कहा कि इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। मौके पर सभी अतिथियों का पारम्परिक तरीक़े से स्वागत किया गया। इस मौके पर अतिथियों को पारम्परिक हड़िया के अलावा बीड़ी का भी सेवन करने को दिया गया। इसे लेकर भी उपस्थित लोगों की मिश्रित प्रतिक्रिया रही। लोगों ने खुलकर तो कुछ नहीं कहा परन्तु स्कूल परिसर में इन चीजों के वितरण पर दबी जुबान में सवाल जरूर उठाए।