भूमि की संरचना व पेड़ों की मापी का कार्य शुरू
मनोहरपुर में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के 5400 करोड़ रुपए के प्रस्तावित प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित गांवों में भूमि की संरचना, वृक्षादि की मापी एवं छुटे हुए प्लॉटों के मूल्यांकन के लिए जिला से आए दो अमीनों ब्रजेश कुमार सिंह व जयपाल गोप की देख-रेख में सोमवार से मनोहरपुर के थाना संख्या 90 के अंतर्गत इलाकों में मूल्यांकन का कार्य शुरू कर दिया गया है। मूल्यांकन का कार्य मनोहरपुर, साइडिंग, मेदासाई व बचमगुटु तथा मनीपुर के कुछ हिस्सों में अगले 20 मई तक किया जाना है। जानकारी के अनुसार इस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल 129 रैयतों की भूमि, घर, पेड़, कुआं, तालाब व अन्य चीजों का मूल्यांकन किया जाएगा। सेल सूत्रों के अनुसार मूल्यांकन के बाद रैयतों को पुनर्वास नीति के तहत राशि कक भुगतान किया जाएगा। साथ ही नौकरी व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं अमीन श्रीसिंह ने बताया कि मूल्यांकन का कार्य जरूरत पड़ने पर 20 मई से आगे भी किया जाएगा।ज्ञात हो कि सेल को अपने प्रोजेक्ट के लिए मनोहरपुर, पाथरबासा, डुकुरडीह, सारगिडीह व डिमबुली में कुल 1000 एकड़ भूमि की जरूरत है। यहां सेल अपना बेनेफिसेशन प्लांट की स्थापना करेगा।