मनोहरपुर के प्रखंड सभागार में बैठक करते डीलर।
भास्कर न्यूज | मनोहरपुर
शुक्रवार को प्रखंड सभागार में प्रखंड के जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीओ सह प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कुशलमय केनेथ मुंडू ने मनोहरपुर प्रखंड में प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के मामले में सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि प्रखंड में 8697 के लक्ष्य के हिसाब से अभी तक करीबन 50 फीसदी यानि 4548 लाभुकों तक ही इस योजना का लाभ पहुंच सका है। उन्होंने कहा कि इसमें यहां की गैस एजेंसी कृष्णा शिवा इंडेन सर्विस की भी घोर लापरवाही है। अब इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि सभी डीलर अपने सभी तरह के कार्डधारियों का फॉर्म भरकर जमा करें। जिनका जाति प्रमाण-पत्र नहीं बना है, उसे विशेष रूप से पुराने सिस्टम वाले जाति प्रमाण-पत्र अंचल कार्यालय से दिया जाएगा, ताकि वे इस योजना का लाभ ले सकें। सीओ ने स्थानीय गैस एजेंसी व डीलरों को यह भी निर्देश दिया कि 23 से 25 मई तक पंचायत स्तर पर लाभुकों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना का लाभ देना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में इसके अलावा जन वितरण प्रणाली व्यवस्था के तहत निर्धारित समय पर अनाज व अन्य चीजों का वितरण करने का निदेश भी डीलरों को दिया गया। बैठक में रवि कुमार, शिवेन महतो, चरित्र प्रसाद गुप्ता, जयकिशन महतो, टुलेश्वर महतो, जोगी गोप, सुधीर महतो, भातू राम सांडिल के अलावा काफी संख्या में प्रखंड के जनवितरण प्रणाली दुकानदार व अन्य लोग उपस्थित थे।