पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Kota
  • बकरा चोर को ग्रामीणों ने कमरे में बंद किया छुड़ाने आए पुलिस वालों को महिलाओं ने दौड़ाया

बकरा चोर को ग्रामीणों ने कमरे में बंद किया छुड़ाने आए पुलिस वालों को महिलाओं ने दौड़ाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चांदपुरा कस्बे में बुधवार दोपहर बकरा उठाकर ले जा रहे चोर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसे पीटकर ग्रामीणों ने कमरे में बंद कर दिया। उसे छुड़ाने आए पुलिस कर्मियों को ग्रामीणों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के विरोध के चलते पुलिस टीम पहले खाली हाथ लौट आई। कुछ देर बाद वहां पहुंचे बिना वर्दी चार जवानों के व्यवहार से ग्रामीण भड़क गए।

आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने चोर को कमरे से बाहर निकालने के लिए महिलाओं से अभद्रता की। महिलाओं ने उनसे धक्का-मुक्की की, धकेलकर उन्हें बाहर कर दिया। ग्रामीणों और पुलिसवालों में धक्कामुक्की हुई। ग्रामीणों ने डंडे उठा लिए। ये देखकर पुलिस कर्मी बचकर निकल गए। ग्रामीणों ने 100 मीटर तक पुलिस वालों को डंडे लेकर दौड़ाया। बाद में पुलिस मय जाप्ता मौके पर पहुंची और समझाइश कर चोर को अपने साथ ले गई। करीब ढाई घंटे ये घटनाक्रम चलता रहा है।

पुलिस के अनुसार चांदपुरा में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बकरा चुराकर ले जाते समय ग्रामीणों ने गुराड़खेड़ा गांव निवासी दीवान सिंह तंवर को पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी पवन तंवर फरार हो गया। बाद में ग्रामीणों ने उसे गांव लाकर कमरे में बंद कर दिया। इसका पता चलने पर मनोहरथाना थाने की पुलिस टीम गांव पहुंची। चोर को पुलिस सुपुर्दगी में देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विरोध के चलते पुलिस टीम खाली हाथ लौट गई।

मनोहरथाना. चांदपुरा में लाठियां मारकर पुलिसकर्मियों को भगाती महिलाएं।

तीसरी बार पुलिस को मिली सफलता: आधे घंटे बाद दांगीपुरा पुलिस थाने के चार जवान सादे कपड़ों में गांव पहुंच गए और महिलाओं से धक्का-मुक्की कर उस कमरे तक पहुंच गए, जहां चाेर को बांध रखा था। उन्होंने चोर को बाहर निकालने का प्रयास किया तो महिलाएं आक्रोशित हो गईं। उन्होंने पुलिस कर्मियों को धकेलकर भगा दिया। गुस्साए ग्रामीणोंं ने लाठियां भाजी तो वे बचकर भाग निकले। इससे माहौल गरमा गया। करीब साढ़े 4 बजे मनोहरथाना पुलिस मय जाप्ते के फिर गांव में पहुंची और ग्रामीणों को समझाया तो वे रिपोर्ट दर्ज कराने की बात पर मान गए और चोर को उनके हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

मनोहरथाना. सादा ड्रेस में घर में घुसे पुलिसकर्मी।

पहले भी 4 पानी की मोटरें चुरा चुका, मिलीभगत के शक में ग्रामीणों ने नहीं सौंपा था उसे

पूर्व में चार पानी की मोटरें व एक बैल चोरी हो चुका है। इन घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई लेकिन एक भी मामले में पुलिस को सफलता नहीं मिली। इस बात से उनमें नाराजगी थी। बुधवार को उनके गांव से बकरा चुराकर ले जाते समय चोर को पकड़ा लेकिन कार्रवाई नहीं होने के शक के चलते उसे पुलिस के हवाले नहीं किया। इसी के चलते कहासुनी हो गई और पुलिस को दो बार खाली हाथ लौटना पड़ा।

पुलिस कर्मियों ने कहा-मामला मैडम तक पहुंच गया है, हमें एसपी ने भेजा है

चांदपुरा से मनोहरथाना पुलिस के खाली हाथ लौटने के बाद दांगीपुरा चौकी के चार जवानों के गांव में आते ही महिलाओं व ग्रामीणों ने विरोध किया। बाद में वहां पहुंचे पुलिसवालों ने उत्तेजित ग्रामीणों को यह कहकर डरा दिया कि ये मामला मैडम तक पहुंच गया है। हमें एसपी ने फोन कर यहां भेजा है।

भगवानदास से रिपोर्ट लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके दूसरे साथी की तलाश कर रहे हैं। दिनेश मीणा, डीएसपी, मनोहरथाना

खबरें और भी हैं...