भास्कर न्यूज|सतगांवा / मरकच्चो
सहायक खनन पदाधिकारी राजाराम प्रसाद ने रविवार को प्रखंड के थाना चौक नासरगंज के समीप अवैध बालू लदा एक ट्रक ने जब्त किया है। ट्रक अवैध बालू लेकर बिहार जाने की फिराक में था। सहायक खनन पदाधिकारी नासरगंज थाना मोड़ में अभियान चलाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना चालान के अवैध रूप से बालू लदे ट्रक को पदाधिकारी द्वारा जब रोका गया तो चालक तेजी से भागने लगा और आगे जाकर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। जहां से ट्रक काे जब्त किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रखंड के समलडीह, कटहरवा, टेहरो घाट की बंदोबस्ती की गई है जबकि बालू के अवैध धंधेबाज सकरी नदी के दुमदूमा ,ढाब,कैरी, घाट पर भी बालू का उठाव कर रहे हैं ।
निरीक्षण के दौरान पाया गया काफी मात्रा में भंडारित अवैध स्टोन चिप्स : सहायक खनन पदाधिकारी राजा राम प्रसाद व विभाग के इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार ने रविवार को नवलशाही थाना क्षेत्र के विभिन्न क्रशर मंडियों का निरीक्षण किया। इस दौरान जमडीहा स्थित चमारो क्रशर मंडी पहुंचे जहां वर्षों से संचालित मेसर्स वीर हाट मिक्सर प्लांट में 30 हजार घन फीट हाफ इंच व 1500 घन फीट फाइव एट स्टोन चिप्स मिला है। इस दौरान कंपनी के कर्मी प्लांट ऑपरेटर रूपाय मंडल से प्लांट में भंडारित स्टोन का स्टॉक पंजी,चालन आदि की जानकारी मांगी गई । लेकिन ऑपरेटर की ओर से खनन पदाधिकारी को किसी तरह का भंडारित स्टोन चिप्स से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। इस संबंध में खनन पदाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में कंपनी के मालिक को नोटिस देकर भंडारण स्टोन चिप्स से संबंधित कागजात की मांग की जाएगी। समय पर कागजात नहीं प्रस्तुत किए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मौके पर नवलशाही थाना के एएसआई अजित कुमार व अन्य पुलिस के जवान मौजूद थे।
बिना चालान के चिप्स ट्रकों पर लदे थे चिप्स : नवलशाही थाना के समीप चलाए गए जांच अभियान के दौरान बिना परिवहन चालान के स्टोन चिप्स लदे वाहन को जब्त कर थाने को सुपुर्द किया गया। जांच के दौरान दोनों ट्रकों में लोड किए गए स्टोन चिप्स के परिवहन के संबंध में चालान नहीं पाए गए। चिप्स को अवैध तरीके से बिहार भेजा जा रहा था। डीएमओ ने बताया कि जब्त किये गए वाहनों पर लदे स्टोन चिप्स को लेकर विभाग द्वारा उसके बाजार मूल्य से दोगुनी राशि की वसूली जुर्माने के तौर पर की जाएगी।
स्टोन चिप्स की जांच करते अिधकारी।