विस्थापन पर्चा का वितरण बिचौलिए द्वारा किए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर पंचखेरो जलाशय योजना के विस्थापित परिवारों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन रविवार को भी जारी रहा। रविवार को जिप अध्यक्ष कोडरमा शालिनी गुप्ता विस्थापितों की सुध लेने पहुंची। उन्होंने विस्थापितों से पूरी जानकारी लेकर धरना स्थल से ही मंत्री चन्द्र प्रकाश चौधरी से बात की। उन्होंने बताया कि विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन बात नहीं हो सकी। अध्यक्ष ने विस्थापितों के द्वारा उपलब्ध कराए गए मांग से संबंधित कागजात को लेकर संबंधित विभाग के पदाधिकारियों से बातचीत कर धरना में शामिल परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सदानंद वर्मा तथा भाजपा प्रखंड उपाध्यक्ष मनोज पासवान ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता रघुनंदन प्रसाद यादव पर पंचखेरो जलाशय के विस्थापितों से पैसे लेकर पट्टा पत्र वितरण करने का आरोप लगाया। विस्थापितों ने कहा कि जब तक हमलोगों को न्याय नहीं मिलता है तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन में भाजपा युवा महामंत्री सिकंदर कुमार वर्मा, मिथिलेश कुमार, गोविंद महतो, मुरारी पासवान, कामदेव वर्मा, अजीत प्रसाद वर्मा, महावीर वर्मा, पिंटू कुमार वर्मा, सोबरन महतो, तेजो महतो समेत दर्जनों महिला पुरुष उपस्थित थे । वहीं जेवीएम जिला अध्यक्ष वेदू साव ने भी विस्थापित परिवारों के धरना प्रदर्शन का नैतिक समर्थन किया है। उन्होंने कहा की भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज लोग धरना प्रदर्शन करने को मजबूर हैं। पंचखेरो जलाशय के निर्माण के इतने दिनों बाद भी अभी तक विस्थापितों को उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। उन्होंने सरकार से विस्थापित परिवारों के दर्द को समझते हुए मुआवजे देने की मांग की है।