सहमति नहीं बनने पर बैठक की स्थगित
भास्कर न्यूज | मरकच्चो
उपायुक्त के निर्देश पर प्रखंड के ग्राम देवीपुर स्थित पंचायत भवन में ग्राम विकास समिति के चुनाव को लेकर ग्रामीणों की बैठक विवाद के बाद स्थगित हो गई। बैठक में मुख्य रूप से पंचायत सेवक प्रकाश साव व पर्यवेक्षक के रूप में प्रखंड को-ऑडिनेटर पंचायती राज से विवेक कुमार मौजूद थे। चुनाव के पूर्व पदाधिकारियों ने मौजूद ग्रामीणों को चुनाव कराने की प्रक्रिया व समिति के लिए सदस्यों की संख्या आदि की जानकारी दी। चुनाव को लेकर पदाधिकारियों ने अध्यक्ष,सचिव व कोषाध्यक्ष के लिए नाम का प्रस्ताव मांगा गया। नाम आने के बाद जैसे ही चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई, वहां मौजूद ग्रामीणों ने समिति के लिए पूर्व में हुए चुनाव को ही जारी रखने की बात कहते हुए इसका विरोध किया। वहीं कुछ ग्रामीणों के द्वारा पूर्व के चुनाव में कम लोगों की मौजूदगी की बात कहकर चुनाव कराने की मांग करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस शुरू हो गई। मौजूद पदाधिकारियों ने दोनों पक्षों के बीच सामंजस्य बनाने का प्रयास किया। लेकिन दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद के बाद पदाधिकारी बैठक को स्थगित कर वापस चले गए। बैठक में पूर्व सरपंच छोटू महतो ,सत्यनारायण पांडेय , राममूर्ति प्रसाद सिंह,बीएल भारती,रामेश्वर स्वर्णकार, उस्मान खान, इसराइल खान, मुस्लिम खान, बैकुंठ साव, धानो राम, उमेश सिंह, निरिया देवी, जागेश्वरी देवी,मो इदरीश,मुरारी राम,रंजीत साव समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि पूर्व की बैठक में अध्यक्ष के लिए नीलम भारती, सचिव के लिए सतीश कुमार सिंह व कोषाध्यक्ष के लिए अविनाश कुमार का चयन किया गया था।