विस्थापन पर्चा वितरण में गड़बड़ी सहित अन्य मांगों को लेकर पंचखेरो जलाशय योजना के विस्थापित परिवारों का अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन सोमवार को भी जारी रहा। वहीं एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने धरना स्थल पर पहुंचकर विस्थापित परिवारों को धरना समाप्त करने की अपील की। धरना का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता सह विस्थापित सदानंद प्रशाद वर्मा, मनोज पासवान सहित अन्य परिवार के सदस्यों ने पहले एसडीओ को अपनी चार सूत्री मांग पत्र सौंपी। इसमें कार्यपालक अभियंता रघुनंदन प्रसाद यादव को अविलंब हटाने, 49 विस्थापित परिवार को एक साथ विस्थापित पर्चा एवं विकास पुस्तिका एवं अनुदान देने, पुनर्वास स्थल में कैंप आयोजित कर समन्वय समिति की उपस्थिति में पर्चा बांटने तथा नया नक्शा बनाकर प्लॉट का वितरण करने की मांगे शामिल है। मौके पर एसडीओ बरदियार ने कहा कि इस संबंध में वे रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेंगे। बाद में जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता पप्पू कुमार भी धरना स्थल पर पहुंचे और धरना पर बैठे विस्थापित परिवारों से मुलाकात की।