मासलपुर सरपंच एवं सचिव के खिलाफ केस
न्यायालय में दायर इस्तगासे के जरिए मासलपुर निवासी गोविंद माली ने ग्राम पंचायत मासलपुर के सरपंच एवं सचिव के खिलाफ अवैध रूप से धोखाधड़ी कर आवासीय पट्टा जारी किए जाने का मामला थाना मासलपुर में दर्ज कराया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत द्वारा आवासीय पट्टा निशुल्क होने के बाद भी अवैध रुपए वसूल किए गए।
थाना प्रभारी रामदेव सिंह विधूड़ी ने बताया कि दर्ज मामले में गोविंद माली ने उल्लेख किया है कि प्रार्थी गरीब आदमी है उसने आवासीय समस्या के लिए दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण पट्टा वितरण योजना के तहत आवेदन किया था। प्रार्थी ने दर्ज मामले में बताया है कि ग्राम पंचायत मासलपुर में आबादी विस्तार के लिए जरूरतमंद लोगों को आवासीय समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार से भूमि का आवंटन कराया। इसमें गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को सरकारी शुल्क पर पट्टा जारी किए जाने का प्रावधान था।
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि आवासीय पट्टा निशुल्क होने के बाद भी ग्राम पंचायत द्वारा अवैध पैसा वसूल किए गए है।
जबकि जिन लोगों के पास पक्के मकान है ऐसे कई लोगों को एक से ज्यादा पट्टा जारी कर दिए गए है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।