संरक्षण के अभाव में जर्जर हुआ तहसील भवन
मासलपुर| रियासतों के समय कस्बे की तहसील के लिए निर्मित दुमंजिला पुराना तहसील भवन संरक्षण के अभाव में जर्जर होने लगा है। तहसील भवन को बंदरों ने अपनी आश्रय स्थली बना रखा है तथा बंदरों की धमाचौकड़ी से भवन के अंदर की पट्टी टूटने लगी है। जबकि भवन के एक ओर कस्बे का रास्ता निकलता है जहां से गुजरते राहगीरों को हादसे की आशंका बनी रहती है। इस भवन को अन्य किसी विभाग के कार्यालय संचालन के लिए हस्तांतरित करने के लिए ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से मांग की। लेकिन इस बारे में कोई कार्यवाही नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि रियासतों के समय मासलपुर तहसील के लिए निर्मित भवन में पिछले एक दशक पूर्व तक तहसील कार्यालय संचालित किया जा रहा था। इस भवन के बाहर की ओर दो तीन नए कमरों का निर्माण भी कराया गया है। लेकिन तहसील के लिए नवीन भवन का निर्माण होने के बाद से रियासती तहसील भवन अनुपयोगी बना हुआ है।