मासलपुर में चार नलकूपों में से तीन खराब, पेयजल आपूर्ति ठप
जल योजना के चार नलकूपों में से तीन खराब होने से मासलपुर में चार दिन से पेयजल सप्लाई नहीं हो रहा है। ग्रामीणों को टैंकरों से पानी खरीदने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इस मामले में विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने पर भी कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को जलदाय विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही तहसीलदार को ज्ञापन देकर नलकूपों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है तथा पेयजल संकट का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मासलपुर. पेयजल के लिए मंगलवार को प्रदर्शन करते ग्रामीण।
हैंपपंप भी खराब, भूजल स्तर गिरने से कुएं सूखे
शिवकुमार शर्मा, वैद्य दीनदयाल शर्मा, राजू लवानिया,बालकृष्ण शुक्ला, धारा गोस्वामी, दीनदयाल शर्मा, महेश शर्मा, बबलू शाडिल्य, कैलाश महेरा, देवी प्रजापत आदि ने बताया कि मासलपुर जलयोजना के चार नलकूपों में से दो नलकूपों के वाटर पम्प के पाइपों में लीकेज हैं जबकि एक नलकूप खराब है। इससे उच्च जलाशय में पानी नहीं पहुंच रहा है तथा चार दिन से नलों से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। हैंडपंप खराब हैं। भूजल स्तर गिरने से कुओं में पानी नहीं है। मजबूरन ग्रामीणों को टैंकरों से पानी खरीदने के लिए विवश है। ग्रामीणों ने बताया कि नलकूपों को शीघ्र दुरुस्त कराने की कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे।