कस्बे में गत दिनों हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पुलिस ने चोरी गए जेवरात में से सोने की एक अंगूठी और एक जोडी पायजेब को बरामद किया है। थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि 9 मई को मनोज कुमार गर्ग के मकान की आलमारी से नकदी और जेवरात चोरी किए जाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी हरेन्द्र गुर्जर को न्यायालय में पेश किया गया।
जहां से उसे दो दिन के लिए पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। इस दौरान आरोपी से पूछताछ करने के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने की एक अंगूठी व एक जोड़ी चांदी के पायजेब को बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी के मामले में फरार अन्य आरोपियों तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े युवक से मोबाइल छीना
सूरौठ। कस्बे के मुख्य बाजार में शनिवार की सांय बाइक पर सवार एक बदमाश एक युवक से 40 हजार रुपये की कीमत के मोबाइल को छीन कर भाग गया। दिनदहाड़े बीच बाजार में हुई इस घटना से सभी लोग हैरत में पड़ गए। गांव मदनपुर निवासी युवक विक्रम गुर्जर शाम 6:30 बजे के करीब मुख्य बाजार में खड़े होकर अपने मोबाइल का यूज कर रहा था ।इसी दौरान बाइक पर सवार एक बदमाश वहां आया तथा विक्रम से मोबाइल छीन कर भाग छूटा । युवक विक्रम एवं बाजार में खड़े लोगों ने बदमाश का पीछा भी किया किंतु बदमाश की बाइक की स्पीड इतनी तेज थी कि वह पकड़ में नहीं आ सका।बदमाश के तेज स्पीड में भागने से बाजार में कई लोग दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बच गए। बाइक पर सवार बदमाश हुकमी खेड़ा मार्ग की ओर भाग गया।