मसौढ़ी में आलू व्यापारी के मुंशी से 35 हजार रुपए लूटे
स्थानीय स्टेशन रोड के यादवेश मार्केट स्थित एक आलू व्यापारी के कार्यालय में दिनभर की बिक्री का हिसाब मिला रहे एक व्यापारी के मुंशी से शुक्रवार की देर शाम दो बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर करीब 35 हजार रुपए लूट लिए और निकल भागे। इधर, पुलिस ने इस घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई है।
जानकारी के मुताबिक, शहर के थोक आलू व्यापारी थाना के तारेगना निवासी मो नेजाम का स्टेशन रोड के यादवेश मार्केट में कार्यालय है। शुक्रवार की देर शाम मो नेजाम का मुंशी मनीष कुमार दिनभर की बिक्री का हिसाब मिला रहा था। इसी बीच दो बदमाश वहां आ धमके और पिस्तौल के बल पर दस हजार रुपए के चेंज से भरा थैला समेत करीब 35 हजार रुपए लूट लिए व भाग निकले।