अनाज मंडी में 300 ग्राम प्रति कट्टा ज्यादा तोल रहे गेहूं
मतलौडा. अनाज मंडी में ताेल की जांच करते मंडी सुपरवाइजर रणजीत सिंह।
भास्कर न्यूज | मतलौडा
स्थानीय अनाज मंडी में खरीद एजेंसी 200 से 400 ग्राम ज्यादा तोल ले रही हैं। मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र सिंह ने शिकायत मिलने के बाद मंडी का दौरा किया और करीब 10 जगह तोल चेक किए। मंडी में हर कांटे पर 200 से 420 ग्राम गेहूं प्रति कट्टा ज्यादा तोला जा रहा था। इस बात को लेकर चेयरमैन की मंडी प्रधान व आढ़तियों से कहासुनी भी हो गई।
चेयरमैन ने बताया कि सरकारी जूट के कट्टे का वजन 580 ग्राम है, लेकिन आढ़ती कांटे को 800 ग्राम से लेकर 900 ग्राम पर कांटे को सैट कर प्रति कट्टा 220 ग्राम से लेकर 320 ग्राम ज्यादा तोल रहे हैं। एक कटटे में 50 किलो गेहूं भरा होता है। इस तरह से प्रति क्विंटल किसान को 440 ग्राम से 640 ग्राम गेहूं का चूना लगाया जा रहा है। सोमवार को मंडी में दो लाख कट्टों की आवक हुई। इसके हिसाब से हजारों रुपए का आए रोज किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस संबंध में कमेटी के चेयरमैन ने उपायुक्त व एसडीएम को फोन पर शिकायत की। वहीं, मार्केट कमेटी के मंडी सुपरवाइजर रणजीत सिंह ने कहा कि तोल तो वह कई बार चेक करते हैं। थोड़ा बहुत कम ज्यादा होता रहता है। चेक करने के बाद आढ़ती फिर से कांटे को ज्यादा पर सेट कर देते हैं। इसलिए गड़बड़ी पकड़ में नहीं आ रही।