स्वर्ण बांड के लिए डाकघर में नहीं आया एक भी आवेदन
स्थानीय प्रधान डाकघर में राष्ट्रीय स्वर्ण बांड की खरीदारी के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। निवेशक बांड के लिए आवेदन 20 अप्रैल तक ही जमा कर सकते हैं। निवेशकों को बांड खरीदने के लिए आवेदक को केवाईसी दस्तावेज की जरूरत होगी। झारखंड के सभी 13 प्रधान डाकघरों में स्वर्ण बंधपत्र के बिक्री के लिए आवेदन उपलब्ध है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 4 मई के बाद बंधपत्र वितरित किया जाएगा। बंधपत्र लेने वाले निवेशकों को ढ़ाई प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज मिलेगा। बंधपत्र की अवधि 8 वर्ष रखी गई है लेकिन निवेशक 5 वर्ष के बाद भी निकासी कर सकते हैं। राष्ट्रीय बंधपत्र पर सरकार द्वारा लोगों को लोन भी मुहैया कराया जा रहा है।
लगन और बाजार में नोटों की कमी से है ठंडापन
स्वर्ण बंधपत्र का कार्य कर रहे डाक सहायक अवध किशोर वैध ने बताया कि अभी तक किसी ने भी आवेदन जमा नहीं किया है। लगन और बाजार में नाेटों के कमी के कारण लोग नहीं पहुंच पा रहे है। विभाग के द्वारा लोगों को जागरूक करने का कार्य लगातार किया जा रहा है।