पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मेरा बच्चा मरा, क्योंकि मुझे सरकारी व्यवस्था पर विश्वास था

मेरा बच्चा मरा, क्योंकि मुझे सरकारी व्यवस्था पर विश्वास था

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मेरा बच्चा इसलिए मरा क्योंकि मुझे सरकारी व्यवस्था पर विश्वास था। यह बात टीकाकरण के दौरान मरे एक बच्चे की मां रिंकी देवी ने राज्य से आए डॉक्टरों की टीम के सामने कही। डॉक्टरों की टीम में से एक डॉक्टर दीपक ने जानना चाहा कि घटना कैसे घटी, तो रिंकी देवी ने बताया कि शनिवार को 12:30 बजे मेरे बच्चे को सुई दी गई थी। उसके बाद उसी दिन शाम को 7:00 बजे मेरे बेटे उज्जवल को बुखार आया। तब केंद्र पर जो टैबलेट दिया गया था उसका एक भाग तोड़कर हमने अपने बेटे को दे दिया। फिर 11:00 बजे रात को मेरे बेटे को लैट्रिन हुई। फिर भी जब कोई फायदा नहीं हुआ मेरा बेटा बहुत रो रहा था, तब 12:30 बजे रात को ही हम अपना दूध पिलाने लगे फिर भी लैट्रिन होती रही। रिंकी ने टीम के समक्ष कहा कि सर एएनएम बोली थी कि 24 घंटा तक मत अकबकाना। इसलिए सर हम फिर इत्मीनान हो गए। फिर 3:00 बजे रात में बगल वाले घर में रोने की आवाज आई तो हम लोग उसको देखने गए तो पता चला कि उसकी बेटी संजू कुमारी जिसको वैक्सीन दिया गया था उसकी मौत हो गई। जब वहां से दौड़ कर हम लोग अपने बच्चे को देखने के लिए आए और हम अपने पति के साथ अपने बच्चे को उठाने लगे तो उसमें किसी प्रकार का हलचल नहीं हो रहा था। वह कुछ बोल नहीं रहा था। जब मेरे पति ने बताया कि उज्जवल की मौत हो गई है तो सर हमें यह सुनकर विश्वास ही नहीं हो रहा था कि मेरा बच्चा मर गया। रिंकी देवी ने कहा कि सर मेरी ख्वाहिश थी कि हम अपने बच्चे को पढ़ा लिखा कर बड़ा अफसर बनाएंगे। लेकिन सर मेरा बच्चा छिन गया।

उसके बाद जांच टीम बरती देवी से मिली और विस्तृत जानकारी ली। बबीता देवी के गर्भ से रहने के कारण उससे पूछताछ नहीं की गई और उसके स्वास्थ्य पर ध्यान देने का निर्देश दिया। जांच टीम सदर अस्पताल से जांच करके चली गई। वहीं राज्य से आई स्टेट मलेरिया पदाधिकारी डॉ विजय नाथ खन्ना ने भी मरीजों से पूछताछ की। उसके बाद वे लोइंगा गांव चले गए।

फिर एक बच्ची पड़ी बीमार

पिछले दिनों लोइंगा में जो वैक्सीन दी गई थी उसमें से एक 5 माह की बच्ची मुन्नी कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मुन्नी कुमारी की मां ममता देवी ने बताया कि बुधवार से मेरी बेटी को बुखार है तथा उल्टी और लैट्रिन हो रहा है। उसे सदर अस्पताल के एमटीसी वार्ड में भर्ती किया गया है।

सदर अस्पताल में अपनी बच्ची का इलाज करवाती बबीता देवी।

मेदिनीनगर में रिंकी देवी से पूछताछ करती राज्य से आई डॉक्टरों की टीम।

घटना की लीपापोती की आशंका
डॉक्टरों की टीम के सामने मीडिया को जाने से रोका जा रहा था। डॉक्टरों द्वारा मीडिया को बोला जा रहा था कि आप लोग बाहर जाइए। जब पूछा गया तो डॉक्टर द्वारा बताया गया सिविल सर्जन मना कर रहे हैं। वहां उपस्थित लोगों द्वारा कहा जा रहा था मीडिया को ही पता नहीं चलेगा तो आम लोगों को क्या पता चलेगा। किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

जांच पूरी होने पर ही कुछ कहा जा सकता है
रांची से आए डॉक्टरों की टीम में डॉक्टर दीपक का कहना है कि अभी प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। जांच पूरी होने पर ही कुछ बताया जा सकता है। राज्य से आए डॉक्टरों की टीम में डॉक्टर दीपक, डॉ अजीत, डॉक्टर प्रवीण करण शामिल थे।

खबरें और भी हैं...