थमा प्रचार का शोर, अब सिर्फ डोर-टू-डोर
नगर निकाय चुनाव के लिए शनिवार की संध्या 5 बजे प्रत्याशियों के लिए भोंपू से प्रचार-प्रसार करने का समय खत्म हो गया। अब सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में मतदाताओं से मिलने के लिए डोर-टू-डोर का कंपेन प्रारंभ कर दिया। उल्लेखनीय है कि चुनाव में प्रत्याशियों को मतदान से 48 घंटे पूर्व वाहनों से प्रचार करने की अनुमति नहीं होती है। अब मेयर, उप मेयर और वार्ड के प्रत्याशियों का अपने मतदाताओं के पास संपर्क बढ़ाने के लिए केवल एक दिन का समय शेष है। सभी प्रत्याशी डोर टू डोर जाकर अपने मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करेंगे। नगर निकाय का मतदान 16 अप्रैल को होना है।
कांग्रेस प्रत्याशी मीना ने रैली निकाल किया दौरा
नगर निगम के कांग्रेस मेयर प्रत्याशी मीना देवी ने रैली निकालकर क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। मौके पर उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए संकल्पित हैं। जनता सेवा को मौका दे तो नगर को ऊंचाई पर पहुंचा देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के हाथों को मजबूत करें। इधर डिप्टी मेयर प्रत्याशी मनोज सिंह ने लोगों से जनसंपर्क कर अाशीर्वाद मांगा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में समस्याओं का अंबार है। इसे प्राथमिकता के आधार पर दूर करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करने को कहा है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला, राजेश चौरसिया, बिटू पाठक, जीवन सिंह आदि मौजूद थे।