शिवाजी मैदान से रांची तक के लिए निकाली पदयात्रा
पदयात्रा में शामिल पारा शिक्षक।
भास्कर न्यूज | मेदिनीनगर
एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में स्थानीय शिवाजी मैदान से पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री के रांची घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर प्रमंडल के पारा शिक्षक रांची के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश महासचिव प्रदुमन सिंह ने किया।
मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है पारा शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन को तेज करेंगे। उन्होंने सरकार से विद्यालय विलय रोकने एवं पारा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार के द्वारा राज्य के 9 हजार विद्यालयों के विलय का आदेश जारी किया गया है। विद्यालयों के विलय से राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने राज्य सरकार से तीन सूत्री मांगों पर विचार करने को कहा है। जिसमें विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत पारा शिक्षकों की सेवा स्थाई करते हुए सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार समान कार्य के बदले समान वेतन देना, टेट उत्तीर्ण शिक्षकों को वरीयता के आधार पर सरकारी शिक्षक पद पर समायोजित करने और टेट उत्तीर्णता प्रमाण पत्र की अवधि विस्तार करना आदि शामिल है।
पदयात्रा कार्यक्रम में दशरथ ठाकुर, मिथिलेश उपाध्याय, मनोज कुमार सिंह, ऋषिकांत तिवारी, अरविंद प्रताप देव , मोबिन अहमद, राणा मनीष सिंह, अनुराग सिंह, अरूण गुप्ता सहित सैकड़ों पारा शिक्षक शामिल थे।