मेदिनीनगर | जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा रविवार को केंद्रीय कारा में जेल अदालत सह विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन की अध्यक्षता सीजीएम संजय कुमार चौधरी ने की। संचालन प्राधिकरण के सचिव प्रफुल्ल कुमार ने किया। शिविर के अवसर पर सोनी कुमारी व जितनेश कश्यप को रिहा किया गया। इस अवसर पर सीजीएम संजय चौधरी ने कहा कि कैदियों को इस तरह के अवसर का लाभ उठाना चाहिए। इसमें कम से कम सजा दिए जाने का प्रावधान है तथा मामले का निष्पादन भी जल्द होता है। उन्होंने कहा कि जो बंदी खुद से वकील रखने में समर्थ नहीं है, उसे मुफ्त में वकील दिए जाने का प्रावधान है। सचिव प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि जेल में भी पैनल अधिवक्ता आते हैं, जो मुफ्त में जानकारी देते हैं। उन्होंने कहा कि आपको किसी भी तरह की परेशानी होती है तो उसकी लिखित शिकायत विधिक सेवा प्राधिकरण से कर सकते हैं। वही महिला बंदियों को भी महिलाओं से जुड़े कानून के बारे में बताया गया। इस मौके पर जेलर बबलू गोप, अंजुम परवीन, छाया सिंह, संतोष पांडे समेत अन्य लोग उपस्थित थे।