सेविका सहायिका हड़ताल के कारण एक हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर लटके ताले
जिले में समाज कल्याण विभाग के अधीन कार्यरत एक हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लटक गए हैं। जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका सहायिका अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर पिछले 4 दिनों से हड़ताल पर है। हड़ताल पर रहने के कारण करीब 40 हजार बच्चों को नाश्ता व खाना नहीं मिल पा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जनवरी में भी सेविका व सहायिका द्वारा राज्यस्तरीय हड़ताल किया गया था। उस समय सरकार व सेविकाओं के बीच सहमति बनाने की कोशिश की गई थी, कि रिटायरमेंट की उम्र सीमा बढ़ाई जाए तथा मानदेय में बढ़ोतरी की जाए। परंतु उसे अब तक लागू नहीं किया गया। इन सेविकाओं का कहना है कि हमारी जो भी मांगे हैं, उसे यथाशीघ्र पूरी की जाए नहीं, तो हम लोग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। परंतु सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार एक दिन भी पोषाहार बंद नहीं होना चाहिए। फिर भी जिले के चैनपुर के 361 केंद्र, पाटन के 308 केंद्र, हरिहरगंज के 136 केंद्र, मनातू के 97 तथा डालटनगंज ग्रामीण के करीब 75 आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका व सहायिका हड़ताल पर हैं। इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं के भी कुछ सेविका और सहायिका हड़ताल पर हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर लटका ताला।