- Hindi News
- National
- 100 सफाईकर्मी होंगे नियुक्त, 5 टैंकर से वार्डों में की जाएगी पानी की सप्लाई
100 सफाईकर्मी होंगे नियुक्त, 5 टैंकर से वार्डों में की जाएगी पानी की सप्लाई
नगर निगम के सभागार में मंगलवार को निगम की पहली बैठक हुई। इस दौरान निकाय क्षेत्र में 100 सफाईकर्मी रखने पर सहमति बनी। भीषण गर्मी को देखते हुए यह भी तय हुआ कि सभी वार्डों में टैंकर से पेयजल की आपूर्ति होगी। इस काम में पांच टैंकर लगाए जाएंगे। बैठक में महापौर, उपमहापौर, कार्यपालक पदाधिकारी व वार्ड पार्षदों के साथ 24 बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया। इनमें कचहरी चौक का नाम बदलकर शहीद युगंबर दीक्षित करना, भीमराव आंबेडकर पार्क का सौंदर्यीकरण करना, साहित्य समाज चौक पर भारत माता की प्रतिमा लगाना, निगम के पार्क में नर्वदेश्वर सिंह की प्रतिमा लगाना, कोयल पुल का नामकरण पूरनचंद सेतु करना व दोनों तरफ सजावट के साथ एलईडी लगाना, जेलहाता चौक के सटे भूमि पर जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा लगाना आदि शामिल है। इन सभी प्रस्तावों को विभाग के पास भेज दिया गया है।
इन प्रस्तावों के अलावा घास पट्टी महिला शौचालय और निगम शाखा कार्यालय का निर्माण कराना, सभी वार्डों में एलईडी लाइट की व्यवस्था कराना, तालाब के लिए डीपीआर के अनुसार काम करवाना, श्री गौशला में एलईडी लगवाना, चैनपुर व शाहपुर मार्ग में निगम प्रारंभ पर तोरण द्वार बनवाना, रेड़मा से बैरिया तक के मार्ग का नाम श्री रामचरित्र मार्ग करना और रेड़मा चौक का नाम चंद्रशेखर आजाद चौक करने की अनुशंसा भी की गई है। नगर निगम अधिनियम 2011 के अंतर्गत सभी वार्डों में उप समिति के गठन के संबंध में स्थाई समिति के गठन के संबंध में विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया गया।
नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक में शामिल मेयर, उपमेयर व अधिकारी।
पार्षद महिलाएं व वार्ड पार्षद उत्सुक
निगम की पहली बैठक को लेकर पहली बार चुनाव जीतकर आए वार्ड पार्षदों में एक अलग सी उत्सुकता देखी गयी। वैसे तो निगम में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही लेकिन जो पहली बार चुनाव जीतकर निगम में आए उनके लिए यह बैठक कई मायनों से खास रही। पहली बार चुनाव जीतकर आए नवीन कुमार गुप्ता उर्फ लाल बाबू ने बताया कि पहले अब निगम में वह अपनी बातों को रख सकते हैं। वहीं तीसरी बार जीत कर आए वार्ड संख्या 27 वार्ड पार्षद कमर यासमिन ने बताया कि वार्ड में काम करने से लेकर व बेहतर रणनीति बनाने को लेकर बैठक करने की आवश्यकता है। बैठक में निगम के महापौर, उपमहापौर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रधान सहायक, सहायक, वार्ड पार्षद सहित निगम के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यपालक पदाधिकारी ने महापौर अरुणा शंकर को बुके देकर निगम की पहली बैठक में स्वागत किया। वही मुख्य सहायक विनय सिंह ने उप महापौर मंगल सिंह को बुके देकर स्वागत किया। सभी वार्ड पार्षदों को निगम के सिटी मैनेजर आरसी तबस्सुम, मो रिजवी, सहायक धीरज कुमार, अशोक सिंह, नीरज कुमार,संतोष कुमार, जगत सिंह ने सभी वार्ड पार्षदों को बारी-बारी से सम्मानित किया।