स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिजिल्स व रूबेला टीकाकरण पर शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के उद्घाटन के मौके पर जिले के डीआरसीएचओ डॉक्टर एमपी सिंह ने कहा कि जिले में टीकाकरण के लक्ष्य को ज्यादा से ज्यादा पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग व समाज कल्याण की भूमिका अहम होगी। इसलिए यह कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि यह टीका 9 माह से लेकर 15 वर्ष तक के बच्चों को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण की शुरुआत 26 जून से की जाएगी, परंतु इसके पहले सभी तैयारी करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह टीका बच्चों के लिए अत्यंत ही उपयोगी है। डीपीएम प्रवीण सिंह ने बताया कि इसकी सफलता के लिए गांव स्तर पर सहिया वह एएनएम से सर्वे कराया जा रहा है। इसमें स्कूल के ही दो बच्चों को लक्ष्य हासिल करने की जिम्मेवारी दी गई है। जिस स्कूल में लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा उस स्कूल के बच्चे को सम्मानित किया जाएगा। इसकी सफलता के लिए प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अलावा रोटरी स्कूल जैसी संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। इस टीकाकरण की निगरानी भारत सरकार राज्य सरकार व जिला प्रशासन की टीम के द्वारा भी किया जा रहा है।
डीपीएम ने बताया कि 26 जून से पहले भारत सरकार व राज्य सरकार की टीम जिले में तैयारियों का जायजा लेगी। अगर तैयारी 75 प्रतिशत से कम पाया जाएगा, तो टीकाकरण की तिथि आगे बढ़ा दी जाएगी। इस कार्यशाला में मुख्य रूप से डॉक्टर रुप से डॉक्टर एमके प्रसाद, डॉक्टर बलमा देवगम, डॉक्टर एसकेपी यादव, सीडीपीओ नीता चौहान, सुधा सिन्हा, मधु लता सिन्हा, अनिता कुमारी, शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रखंड के बीईईओ व अन्य मौजूद थे।